Mystery of history

हेरिटेज वॉक के माध्यम से पीआईएमआर के छात्रों ने जाना इंदौर का गौरवशाली इतिहास

इंदौर(विनोद गोयल)। विद्यार्थियों को पुस्तकीय ज्ञान से आगे बढ़ाकर वास्तविक अनुभव से जोड़ने की दिशा में प्रेस्टीज इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड रिसर्च (डीम्ड टू बी यूनिवर्सिटी) के आंतरिक गुणवत्ता आश्वासन प्रकोष्ठ के अंतर्गत भारतीय ज्ञान प्रणाली केंद्र द्वारा एक प्रेरक हेरिटेज वॉक का आयोजन किया गया। इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों को इंदौर की समृद्ध सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासत से परिचित कराना था।

यह हेरिटेज वॉक कोठारी मार्केट से प्रारंभ होकर ऐतिहासिक राजवाड़ा पर सम्पन्न हुई। इस दौरान विद्यार्थियों ने शहर के प्रमुख धरोहर स्थलों जैसे कृष्णपुरा छतरी, बोलिया सरकार छतरी, बांके बिहारी मंदिर, गोपाल मंदिर, मल्हार मार्तंड कॉम्पलेक्स का भ्रमण किया।

प्रसिद्ध इतिहासकार श्रीमती शारवाणी के मार्गदर्शन में आयोजित इस वॉक के दौरान विद्यार्थियों को होलकर काल के इतिहास, पारंपरिक स्थापत्य शैली तथा इंदौर की सांस्कृतिक विरासत के विभिन्न आयामों की रोचक और ज्ञानवर्धक जानकारी प्राप्त हुई। इस अनुभवात्मक गतिविधि ने विद्यार्थियों को इतिहास को नजदीक से समझने और महसूस करने का अवसर प्रदान किया।

कार्यक्रम की समन्वयक डॉ. जया जैसिंघानी एवं डॉ. अदिति मिश्रा त्यागी ने बताया कि इस प्रकार की गतिविधियाँ विद्यार्थियों में सांस्कृतिक जागरूकता विकसित करने के साथ-साथ उन्हें भारत की समृद्ध पारंपरिक ज्ञान प्रणाली से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

यह हेरिटेज वॉक पीआईएमआर डीम्ड टू बी यूनिवर्सिटी के कुलपति डॉ. एस. एस. भाकर तथा स्नातकोत्तर परिसर एवं आंतरिक गुणवत्ता आश्वासन प्रकोष्ठ के निदेशक डॉ. दीपक जारोलिया के मार्गदर्शन में आयोजित की गई।

Shares:
Leave a Reply