इंदौर पुलिस कमिश्नरेट की तकनीक आधारित स्मार्ट पुलिसिंग की दिशा में एक और ऐतिहासिक कदम….

आमजन की सुरक्षा एवं सुविधा हेतु किया तकनीकी नवाचार*
मुख्यमंत्री मध्यप्रदेश डॉ. मोहन यादव ने प्रदेश की पहली जिला ड्रोन यूनिट व ट्रैफिक मैनेजमेंट हेतु बनाई “इंदौर ट्रैफिक साथी” ऐप का किया शुभारंभ।
बेहतर पुलिसिंग हेतु सीएसआर के तहत प्राप्त पुलिस मोबाइल वाहनों का भी किया लोकार्पण।
ड्रोन यूनिट और इंदौर ट्रैफिक साथी” ऐप के तकनीकी नवाचार, पुलिस सेवाओं को और अधिक त्वरित, पारदर्शी एवं जनोन्मुखी बनाने की दिशा में निभाएंगे महत्वपूर्ण भूमिका।
इंदौर – आमजन की सुरक्षा, सुविधा और बेहतर सुशासन की माननीय मुख्यमंत्री महोदय मध्यप्रदेश शासन डॉ. मोहन यादव जी की अवधारणा को ध्यान में रखते हुए, इंदौर पुलिस कमिश्नरेट द्वारा पुलिसिंग को और अधिक प्रभावी, आधुनिक एवं तकनीक-सक्षम बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए प्रदेश की पहली अत्याधुनिक “जिला ड्रोन यूनिट” का गठन किया गया है। साथ ही आमजन की सुविधा एवं बेहतर यातायात प्रबंधन हेतु “इंदौर ट्रैफिक साथी” ऐप जैसे नवाचारों का शुभारंभ आज 31 मई 2026 को डीआरपी लाइन, इंदौर में आयोजित कार्यक्रम में माननीय मुख्यमंत्री महोदय मध्यप्रदेश शासन डॉ. मोहन यादव जी द्वारा किया गया। साथ ही पुलिस की मैदानी कार्यक्षमता को और अधिक सशक्त बनाने के लिए सीएसआर के तहत प्राप्त पुलिस मोबाइल वाहनों का भी लोकार्पण किया गया।
कार्यक्रम के प्रारंभ में पुलिस कमिश्नर इंदौर संतोष कुमार सिंह द्वारा मुख्यमंत्री मध्यप्रदेश शासन डॉ. मोहन यादव सहित उपस्थित अतिथियों का स्वागत किया गया। अपने स्वागत उद्बोधन में उन्होंने इंदौर पुलिस कमिश्नरेट द्वारा तकनीक आधारित स्मार्ट पुलिसिंग को सुदृढ़ बनाने हेतु किए जा रहे विभिन्न नवाचारों की जानकारी देते हुए प्रदेश की पहली जिला ड्रोन यूनिट, आमजन की सुविधा हेतु विकसित “इंदौर ट्रैफिक साथी” ऐप तथा सीएसआर के माध्यम से प्राप्त पुलिस मोबाइल वाहनों के संबंध में विस्तार से बताया।
बताया कि जिला ड्रोन यूनिट के माध्यम से कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, भीड़ प्रबंधन, यातायात संचालन, आपदा प्रबंधन एवं संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकेगा। वहीं “इंदौर ट्रैफिक साथी” ऐप नागरिकों को यातायात संबंधी महत्वपूर्ण सूचनाएं, मार्ग परिवर्तन, ट्रैफिक अपडेट एवं अन्य उपयोगी सेवाएं उपलब्ध कराएगा, जिससे पुलिस और नागरिकों के मध्य बेहतर समन्वय स्थापित होगा।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने तकनीक आधारित पुलिसिंग को बताया भविष्य की आवश्यकता–
अपने संबोधन में माननीय मुख्यमंत्री मध्यप्रदेश शासन डॉ. मोहन यादव ने इंदौर पुलिस कमिश्नरेट की इन अभिनव पहलों की सराहना करते हुए कहा कि वर्तमान समय में कानून-व्यवस्था और नागरिक सुरक्षा को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए आधुनिक तकनीकों का उपयोग अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि ड्रोन तकनीक पुलिसिंग की कार्यप्रणाली में क्रांतिकारी परिवर्तन लाने वाली तकनीक है, जिससे अपराध नियंत्रण, भीड़ प्रबंधन, आपदा प्रबंधन, यातायात संचालन तथा संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी अधिक प्रभावी एवं त्वरित रूप से की जा सकेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इंदौर पुलिस द्वारा प्रदेश की पहली जिला ड्रोन यूनिट का गठन तथा “इंदौर ट्रैफिक साथी” ऐप का प्रारंभ किया है, जो स्मार्ट एवं टेक्नोलॉजी आधारित पुलिसिंग की दिशा में एक अनुकरणीय पहल है, जो प्रदेश के अन्य जिलों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इन तकनीकी नवाचारों से पुलिस की प्रतिक्रिया क्षमता, पारदर्शिता एवं जनसेवा की गुणवत्ता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी तथा नागरिकों को अधिक सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया जा सकेगा।
मुख्यमंत्री ने इंदौर पुलिस के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को इस नवाचार के लिए बधाई देते हुए कहा कि मध्यप्रदेश सरकार पुलिस बल को आधुनिक संसाधनों एवं नवीन तकनीकों से सशक्त बनाने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है, ताकि प्रदेश में कानून-व्यवस्था और नागरिक सुरक्षा को और अधिक मजबूत बनाया जा सके।
जिला ड्रोन यूनिट से मिलेगी निगरानी एवं प्रतिक्रिया क्षमता को नई मजबूती-
इंदौर पुलिस की इस अत्याधुनिक जिला ड्रोन यूनिट का उद्देश्य संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी, भीड़ नियंत्रण, यातायात प्रबंधन, अपराध नियंत्रण, आपदा एवं आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित रिस्पॉन्स तथा बड़े आयोजनों में प्रभावी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करना है। हाई-रिजॉल्यूशन कैमरों एवं आधुनिक तकनीकों से लैस ये 18 ड्रोन शहर के विभिन्न क्षेत्रों की वास्तविक समय में निगरानी कर कंट्रोल रूम तक महत्वपूर्ण सूचनाएं पहुंचाने में सक्षम होंगे।
विशेष रूप से प्रशिक्षित पुलिसकर्मियों की टीम करेगी संचालन-
ड्रोन यूनिट के संचालन हेतु विशेष रूप से प्रशिक्षित पुलिसकर्मियों की टीम तैयार की गई है, जिसमें महिला पुलिसकर्मी भी शामिल हैं। यह टीम ड्रोन संचालन, निगरानी, तकनीकी विश्लेषण एवं आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित उपयोग के लिए प्रशिक्षित है। ड्रोन तकनीक के माध्यम से अपराधियों की गतिविधियों पर प्रभावी नजर रखने, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों की मॉनिटरिंग तथा कानून-व्यवस्था की स्थिति पर त्वरित नियंत्रण स्थापित करने में सहायता मिलेगी।
आमजन की सुरक्षा के साथ यातायात प्रबंधन भी होगा और अधिक सशक्त
इंदौर पुलिस द्वारा ड्रोन तकनीक का उपयोग ट्रैफिक प्रबंधन में भी किया जाएगा। प्रमुख चौराहों, व्यस्त मार्गों एवं संवेदनशील क्षेत्रों में यातायात उल्लंघनों की निगरानी, जाम की स्थिति का त्वरित विश्लेषण तथा यातायात संचालन को अधिक व्यवस्थित बनाने में यह तकनीक महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। हाल के परीक्षणों में ड्रोन आधारित निगरानी से यातायात नियमों के उल्लंघनकर्ताओं पर प्रभावी कार्यवाही भी की गई है।
“इंदौर ट्रैफिक साथी” ऐप का भी हुआ शुभारंभ*
कार्यक्रम के दौरान आमजन को यातायात संबंधी जानकारी, मार्ग परिवर्तन, ट्रैफिक अपडेट एवं अन्य उपयोगी सेवाएं उपलब्ध कराने हेतु “इंदौर ट्रैफिक साथी” ऐप का भी शुभारंभ किया गया। यह ऐप नागरिकों एवं पुलिस के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा स्मार्ट ट्रैफिक मैनेजमेंट को बढ़ावा देने में सहायक होगा।
*पुलिस मोबाइल वाहनों से बढ़ेगी पुलिस की मैदानी कार्यक्षमता-*कार्यक्रम के दौरान इंदौर पुलिस कमिश्नरेट को विभिन्न सामाजिक एवं संस्थागत सहयोग के माध्यम से प्राप्त पुलिस मोबाइल वाहनों का भी लोकार्पण किया गया। इस अवसर पर एमपीसीए (MPCA) द्वारा सीएसआर के तहत प्रदान किए गए 05 बोलेरो चार पहिया वाहन तथा सुमति धाम जैन समाज द्वारा सीएसआर के अंतर्गत प्रदान की गई 04 बुलेट मोटरसाइकिलें इंदौर पुलिस कमिश्नरेट को समर्पित की गईं।
इन वाहनों के माध्यम से पुलिस की फील्ड रिस्पॉन्स क्षमता, गश्त व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, त्वरित पुलिस सहायता एवं जनसेवा कार्यों को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकेगा। इससे पुलिस की पहुंच दूरस्थ एवं संवेदनशील क्षेत्रों तक और अधिक तेज एवं सशक्त होगी।
उक्त कार्यक्रम में मुख्यमंत्री महोदय मध्यप्रदेश शासन डॉ. मोहन यादव कि गरिमामयी उपस्थिति में, माननीय सांसद इंदौर शंकर लालवानी, जल संसाधन मंत्री मध्यप्रदेश शासन तुलसी सिलावट, विधायक राऊ मधु वर्मा, माननीय विधायक क्षेत्र क्रमांक 4 श्रीमती मालिनी गौड़, विधायक क्षेत्र क्रमांक 3 गोलू शुक्ला, भाजपा प्रदेश महामंत्री गौरवरण रणदीवे, आईडीए अध्यक्ष श्रवण चावड़ा, पुलिस आयुक्त नगरीय इंदौर संतोष कुमार सिंह सहित जनप्रतिनिधिगण, वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारीगण, गणमान्य नागरिक, नगर सुरक्षा समिति सदस्यगण, ट्रैफिक प्रहरी तथा बड़ी संख्या में इंदौर पुलिस परिवार के सदस्य उपस्थित रहे। प्रदेश में तकनीक आधारित पुलिसिंग को नई दिशा देने वाली इस पहल को कानून-व्यवस्था, सुरक्षा एवं यातायात प्रबंधन के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
“सुरक्षित इंदौर — स्मार्ट इंदौर”* के संकल्प को साकार करने की दिशा में इंदौर पुलिस का यह प्रयास तकनीक आधारित पुलिसिंग का एक नया अध्याय साबित होगा।


