NEWS

अखंड धाम आश्रम पर संतों के सानिध्य में महापौर भार्गव ने नागरिकों को दिलाई शहर को ग्रीन सिटी बनाने की शपथ

अखंड धाम आश्रम पर संतों के सानिध्य में महापौर भार्गव ने नागरिकों को दिलाई शहर को ग्रीन सिटी बनाने की शपथ

महापौर पद के चार वर्ष होने पर पहुंचे भार्गव ने सौ से अधिक संतों के सानिध्य में की सुखद वर्षा की कामना

 

इंदौर। महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने गुरुवार को बिजासन रोड स्थित अखंड धाम आश्रम पर अपने महापौर कार्यकाल के चार वर्ष पूर्ण होने पर आश्रम के महामंडलेश्वर डॉ. स्वामी चेतन स्वरूप एवं हंसदास मठ के महामंडलेश्वर महंत पवनदास महाराज के सानिध्य में देश के कोने-कोने से आए सौ से अधिक संतों के सानिध्य में नागरिकों को शहर को एक बार फिर स्वच्छता में नंबर वन बनाने, क्लीन सिटी के साथ ग्रीन सिटी बनाने, पर्यावरण संरक्षण, वाटर रिचार्जिंग, डिजिटल एवं सोलर सिटी बनाने जैसे संकल्प दिलाए।

संस्था मातरम और अखंड धाम आश्रम समिति की ओर से भावेश दवे एवं हरि अग्रवाल ने बताया कि महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने आश्रम पर चल रहे ओम नमः शिवाय अखंड जाप संकीर्तन में भी भागीदारी की और आश्रम स्थित शिव मंदिर एवं अन्य देवालयों में प्रतिवर्षानुसार परम्परागत पूजा अर्चना कर संतों से आशीर्वाद भी प्राप्त किए। महापौर ने अपने अंचल में सुखद वर्षा के लिए भी प्रार्थना की। इस अवसर पर महापौर ने अपने चार वर्षों की उपलब्धियों एवं भावी योजनाओं के बारे में भी बताया तथा संतों के साथ भोजन भी किया। इस मौके पर अखंड धाम के महामंडलेश्वर स्वामी डॉ. चेतन स्वरुप ने आश्रम में गौशाला निर्माण में सहयोग के लिए तथा हंसदास मठ के महामंडलेश्वर महंत पवनदास महाराज ने महापौर द्वारा मठ मंदिरों तथा गौशालाओं के जीर्णोद्धार के लिए शॉल-श्रीफल भेंट कर महापौर का सम्मान किया।

कार्यक्रम में संत राजानंद के सानिध्य में महापौर प्रतिनिधि भारत पारख, मुकेश शर्मा, मुन्ना शाह, धर्मेश यादव, विशाल शर्मा सहित अनेक समाजसेवी संस्थाओं एवं मातृशक्तियों ने भी महापौर का अभिनन्दन किया। आयोजन में महत्वपूर्ण बात यह रही कि शहर को प्लास्टिक मुक्त बनाने के उद्देश्य से कपडे के झोले भी संतों को उनके लिए उपयोगी सामग्री सहित भेंट किए गए। इन झोलों पर झोलाधारी इंदोरी लिखा हुआ है। संचालन हरि अग्रवाल ने किया और आभार माना भावेश दवे

ने।

 

Shares: