बाणेश्वरी कावड़ यात्रा का आज शहर भ्रमण, तीन
सौ से अधिक मंचों से जगह-जगह होगा स्वागत
अन्नपूर्णा मंदिर से मरीमाता चौराहा तक चलेगा श्रद्धालुओं का काफिला – राजबाड़ा पर होगा देवी अहिल्या की प्रतिमा पर दुग्धाभिषेक
इंदौर। महेश्वर से प्रारंभ बाणेश्वरी कावड़ यात्रा गुरूवार शाम को इंदौर पहुंच गई। महू, पिगडम्बर, राऊ एवं राजेन्द्र नगर में जबर्दस्त पुष्पवर्षा के बीच जब यात्रा इंदौर के लिए प्रस्थित हुई तो यात्रा संयोजक विधायक गोलू शुक्ला को स्नेहीजनों ने पुष्पमालाओं से लाद दिया। अनेक स्थानों पर उन पर गुलाब के फूलों की पंखुड़ियों की वर्षा की गई। महू से इंदौर के बीच कावड़ यात्रा के स्वागत का सिलसिला लगातार चलता रहा। संध्या को अन्नपूर्णा रोड स्थित द्वारका गार्डन पर यात्रा की अगवानी के लिए अनेक राजनेताओं सहित सैकड़ों स्नेहीजन मौजूद थे। यहां देर रात तक स्वागत एवं भजन संध्या का दौर चलता रहा। यात्रा शुक्रवार को सुबह 9 बजे द्वारका गार्डन से अन्नपूर्णा मंदिर पर पूजा अर्चना के बाद नगर भ्रमण पर निकलेगी। इस दौरान 300 से अधिक स्वागत मंचों से विभिन्न संगठनों द्वारा यात्रा की अगवानी की जोरदार तैयारियां की गई हैं। राजबाड़ा पर देवी अहिल्या की प्रतिमा पर दुग्धाभिषेक होगा।
कांटाफोड़ मंदिर की भक्त मंडली द्वारा स्वागत – महू से इंदौर आते समय बाणेश्वरी कावड़ यात्रा का मेडिकेप्स कालेज के पास गुरूकृपा हॉल में नवलखा स्थित मनकामेश्वर कांटाफोड़ शिव मंदिर की भक्त मंडली द्वारा स्वागत सम्मान किया गया। मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष विष्णु बिंदल, टीकमचंद गर्ग, संयोजक बी.के. गोयल, हेमंत गर्ग सेठानी, संदीप गोयल एवं भक्त मंडली के सदस्यों ने उनका स्वागत किया। साथ चल रहे कावड़ यात्रियों के लिए भोजन एवं फलाहार की भी व्यवस्था मंदिर की भक्त मंडली द्वारा रखी गई थी। संदीप गोयल ने बताया कि इस दौरान बोल बम के उदघोष से समूचा क्षेत्र गुंजायमान बना रहा।
अनेक राजनेता पहुंचे – विधायक मधु वर्मा, भाजपा के पूर्व प्रवक्ता दीपक जैन टीनू, नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा सहित पार्टी के अनेक पदाधिकारियों ने विधायक गोलू शुक्ला एवं कावड़ यात्रियों का स्वागत किया और कावड़ भी उठाई। राऊ में भाजपा के पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष जीतू जिराती, जिला भाजपा अध्यक्ष श्रवणसिंह चावड़ा, युवा मोर्चा अध्यक्ष दिनेश सिंह चौहान, रीता उपमन्यु, मनोज ठाकुर, नगर पंचायत के पूर्व अध्यक्ष शिव डिंगू के नेतृत्व में भी जबर्दस्त स्वागत हुआ। पार्षद रूपाली अरूण पेंढारकर ने भी अपने साथियों सहित स्वागत किया, पप्पी विजय पाटीदार, पीयूष पाटीदार, रवि चौधरी, आशीष अग्रवाल, किशोर पटेल ने भी स्वागत किया। महू से इंदौर के बीच स्वागत का नॉन स्टाप सिलसिला चलते रहने के कारण यात्रा के इंदौर पहुंचने में विलंब भी हुआ, लेकिन हर जगह स्वागत करने वालों का उत्साह बना रहा। मार्ग में पिडगम्बर में महाराणा प्रताप की प्रतिमा और राऊ में अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा पर विधायक गोलू शुक्ला ने माल्यार्पण भी किया।
आज शहर में यात्रा मार्ग – यात्रा संयोजक गोलू शुक्ला एवं यात्रा प्रभारी दीपेन्द्रसिंह सोलंकी ने बताया कि गत 3 अगस्त को महेश्वर के अहिल्या घाट से महाकालेश्वर मंदिर उज्जैन के लिए तीन हजार से अधिक श्रद्धालुओं सहित निकली बाणेश्वरी कावड़ यात्रा गुरुवार रात इंदौर पहुंच गई। सभी श्रद्धालु शुक्रवार को सुबह 9 बजे अन्नपूर्णा आश्रम पर माताजी को चुनरी समर्पित करने और शिवालय में पूजा अर्चना के बाद नगर भ्रमण पर निकलेंगे। अन्नपूर्णा से महूनाका चौराहा, लालबाग, कलेक्टोरेट, मोती तबेला, हरसिद्धि, यशवंत रोड होते हुए कावड़ यात्रा राजबाड़ा पहुंचेगी, जहां प्रातः स्मरणीया देवी अहिल्या की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दुग्धाभिषेक किया जाएगा। शहर के सभी जनप्रतिनिधि, विधायक, महापौर एवं भाजपा सहित विभिन्न दलों के राजनेता यहाँ यात्रा की अगवानी करेंगे।
राजबाड़ा से इमली बाजार, सदर बाजार, मरीमाता चौराहा होते हुए कावड़ यात्रा शाम को रेवती रेंज पहुंचेगी। शहर के लगभग सभी चौराहों पर विभिन्न संस्थाओं की ओर से स्वागत मंच लगाकर यात्रा का स्वागत किया जाएगा। अन्नपूर्णा से मरीमाता के बीच 300 से अधिक मंचों से कावड़ यात्रा एवं श्रद्धालुओं का स्वागत होगा। शहर भ्रमण के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए 50 कार्यकर्ता तैनात किए गए हैं। स्वागत मंचों से स्वागत करने वालों से भी आग्रह किया गया है कि वे यातायात व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए स्वागत की व्यवस्था रखें। शुक्रवार रात को रेवती रेंज पहुंचकर 8 को पंथ पिपलई और 9 अगस्त को उज्जैन पहुंचकर रात्रि विश्राम के बाद सावन के दूसरे सोमवार, 10 अगस्त को सुबह सभी कावड़ियों द्वारा नर्मदा के जल से भगवान महाकालेश्वर का जलाभिषेक कर पूरे अंचल में सुख, शांति एवं सदभाव की कामना के साथ सुखद वर्षा की प्रार्थना भी की जाएगी।


