जांगड़ा पोरवाल पंचायती सभा के अन्नकूट एवं मिलन समारोह में
भगवान लक्ष्मी नृसिंह का मनोहारी श्रृंगार दर्शन, 56 भोग समर्पित
पांच हजार से अधिक समाज बन्धुओं ने की सुख, शांति एवं सदभाव के लिए सामूहिक प्रार्थना
इंदौर,। श्री जांगड़ा पोरवाल पंचायती सभा के तत्वावधान में छत्रीबाग स्थित लक्ष्मी नृसिंह मंदिर में अन्नकूट महोत्सव एवं दीपावली मिलन समारोह का भव्य आयोजन किया गया जिसमें सैकड़ों समाज बंधुओं ने जूठन नहीं छोड़ने तथा पानी की हर बूंद का सदुपयोग करने की शपथ ग्रहण की। उत्सव समिति के प्रमुख अरुण पोरवाल ने बताया कि भगवान श्री लक्ष्मी नृसिंह को 56 भोग समर्पित करने के बाद हुई महाआरती में राज्य के नगरीय विकास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, सांसद शंकर लालवानी, विधायक मालिनी गौड़, भाजपा नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा, पूर्व विधायक गोपीकृष्ण नेमा एवं दिनेश खंडेलवाल सहित बड़ी संख्या में समाज बंधुओं ने समाज में सुख, शांति एवं सदभाव के लिए सामूहिक प्रार्थना की।
अन्नकूट महोत्सव में समाजसेवी रामदयाल फरक्या, सुभाष धनोतिया, कृष्णकांत मजावदिया, संतोष मेहता, अशोक मेहता, श्रीराम मांडलिया, कृष्णा घरिया एवं राजेश सेठिया सहित अनेक समाज बंधुओं ने दीपावली एवं अन्य त्योहारों के उपलक्ष्य में समाज बंधुओं को बधाई एवं शुभकामनाएँ देते हुए भगवान लक्ष्मी नृसिंह के दिव्य और मनोहारी श्रृंगार के दर्शनों का पुण्य लाभ उठाया। भगवान का श्रृंगार इतना मनोहारी था कि सैकड़ों मोबाइल पूरे समय तस्वीरें लेते रहे। 5 हजार से अधिक समाज बंधुओं ने उत्साहपूर्वक महाआरती में शामिल होकर उत्सव का पुण्य लाभ उठाया।

