हंसदास मठ पर अखंड रामायण पाठ के साथ हुआ दो दिनी अन्नकूट महोत्सव का शुभारंभ
आज देश के अनेक संत, विद्वान, तपस्वी और विद्वतजनों के सानिध्य में होगी महाआरती
इंदौर,। एयरपोर्ट रोड, पीलिया खाल स्थित प्राचीन हंसदास मठ पर अन्नकूट महोत्सव का आयोजन बुधवार 18 नवंबर आंवला नवमी को हंसदास मठ पर हंस पीठाधीश्वर श्रीमहंत रामचरणदास महाराज एवं महामंडलेश्वर महंत पवनदास महाराज के सानिध्य में होगा। इस अवसर पर देशभर के संत, महंत, आचार्य, महामंडलेश्वर एवं अनेक विद्वतजन शामिल होंगे। मंगलवार को सुबह अखंड रामायण पाठ के साथ इस महोत्सव का शुभारंभ हुआ जिसकी पूर्णाहुति बुधवार 18 नवम्बर को सुबह होगी। बुधवार को ही मठ स्थित भगवान पद्मनाभ, रणछोड़जी, टीकमजी एवं पंचमुखी चिंताहरण हनुमानजी का श्रृंगार कर उन्हें शाम 6.30 बजे से छप्पन भोग समर्पित किए जाएँगे। आकर्षण श्रृंगार के बाद शाम 7 बजे महाआरती होगी और उसके बाद रात 10 बजे तक भजन संध्या भी होगी।
मठ के पं. अमितदास महाराज ने बताया कि बुधवार को जगदगुरु विष्णु स्वामी भैयाजी महाराज (वृंदावन), स्वामी नरसिंह देवाचार्य नरसिंहधाम (जबलपुर), गिरीशदास महाराज (बागडवाला), अनिल आनंद महाराज, अभा अखिल भारतीय संत समिति के महामंडलेश्वर राधे-राधे बाबा एवं हरिदास महाराज (झोकर), विरक्त साधु मंडल, रेवा मंडल, माँ अहिल्या षटदर्शन मंडल के संत, महंत, श्रीमहंत एवं महामंडलेश्वर सहित एक दर्जन से अधिक विद्वतजनों के सानिध्य में 56 भोग, श्रृंगार एवं 108 दीपों से महाआरती के साथ अन्नकूट महोत्सव का शुभारंभ होगा।
मठ की स्थापना सन 1780 में अर्थात आज से करीब 246 वर्ष पूर्व हुई है। तब देवी अहिल्या बाई का शासनकाल था। उस समय उज्जैन, ओंकारेश्वर जाने-आने वाले साधु महात्माओं के लिए हंसदास मठ पर ही भोजन भंडारे एवं आवास आदि की व्यवस्था होती थी। इस बार अन्नकूट महोत्सव के लिए विशेष व्यवस्थाएं की जा रही हैं। आंवला नवमी को सुबह अखंड रामायणपाठ की पूर्णाहुति होगी। उसके बाद अतिप्राचीन रणछोड़जी, टीकमजी, पंचमुखी चिंताहरण हनुमान एवं भगवान पद्मनाभ सहितसभी देवालयों में विशेष श्रृंगार, अभिषेक के आयोजन भी होंगे। मठ द्वारा गौशाला, संस्कृत विद्यालय, विद्यार्थी आवास, संत सेवा, कुंभ मुकाम एवं श्री इंदौर डाकोर खालसा सहित विभिन्न सेवा गतिविधियों का नियमित संचालन भी किया जा रहा है। अब अन्नकूट महोत्सव के लिए भक्तों द्वारा बेसब्री से आंवला नवमी की प्रतीक्षा की जा रही है।

