Popular

Culture and society

अहिल्या माता गोशाला में भक्तों ने की लड्डूगोपाल के साथ सप्त गोमाता मंदिर की परिक्रमा

अहिल्या माता गोशाला में भक्तों ने की लड्डूगोपाल के साथ सप्त गोमाता मंदिर की परिक्रमा
गोवंश को समर्पित किए गए 56 भोग – सुबह से दोपहर तक लगा रहा गोभक्तों का मेला, पहुंचे हजारों भक्त

इंदौर, । केशरबाग रोड़ स्थित 170 वर्ष प्राचीन अहिल्या माता गोशाला पर मंगलवार को हजारों गोभक्तों ने अपने घरों और मंदिरों से लड्डू गोपाल की प्रतिमाएं लाकर गोशाला परिसर स्थित सप्त गोमाता मंदिर एवं गोमाता की परिक्रमा की। सैकड़ों भक्तों ने सुबह से दोपहर तक गोपाष्टमी के उपलक्ष्य में गोसेवा एवं गोपूजन का पुण्य लाभ उठाया। गोवंश को हरी सब्जी, फल एवं अन्य व्यंजनों सहित 56 भोग भी परोसे गए। गोशाला पर सुबह से दोपहर तक गोभक्तों का मेला जुटा रहा, जिन्होंने गोसेवा के साथ ही गोशाला में किए जा रहे विभिन्न विज्ञान सम्मत गोउत्पादों, गोबर एवं गोमूत्र के सदुपयोग, गो आधारित खेती एवं गर्भ संस्कार कार्यशाला तथा मशीनों से अपने ओरा परीक्षण सहित विभिन्न गतिविधियों में बड़े उत्साह के साथ भाग लिया।
सात हजार से अधिक गोप्रेमी पहुंचे – गोशाला प्रबंध समिति के अध्यक्ष राधेश्याम गुरूजी, मंत्री पुष्पेन्द्र धनोतिया एवं संयोजक सी.के. अग्रवाल ने बताया कि गोशाला स्थित करीब 300 से अधिक गायों को विशेष रूप से श्रृंगारित किया गया था। आचार्य पं. मुकेश शास्त्री के निर्देशन में विद्वान पंडितों ने विधि-विधान से मंत्रोच्चार के बीच गाय-बछड़े का पूजन संपन्न कराया। गोभक्तों में बचपन से पचपन तक के के करीब सात हजार बालक, युवा एवं बुजुर्ग शामिल थे। दिनभर अनेक विशिष्टजन गोशाला पहुंचकर विभिन्न अनुष्ठानों में शामिल होते रहे।
हस्ताक्षर अभियान में हुए शामिल – समाजसेवी टीकमचंद गर्ग, विष्णु बिंदल, पवन सिंघानिया मोयरा, अशोक ऐरन, सुभाष गोयल, नरेन्द्र कंधारी, शंकरलाल अग्रवाल, हेमंत गर्ग, गोसेवक मेघराज सहित काँटाफोड़ मंदिर से जुड़े श्रद्धालुओं ने भी गोवंश की पूजा की और गोसम्मान हेतु शपथ लेकर गोमाता को राष्ट्रमाता का दर्जा दिलाने के लिए हस्ताक्षर अभियान में भी भाग लिया। महिलाओं ने गोमाता की आरती के साथ ही भजन भी गाए। अनेक स्कूली बच्चों ने भी आज गोशाला पहुंचकर गोसेवा की।
दोपहर तक गोभक्तों का मेला जुटा रहा – अनेक विशिष्टजनों ने पूरी गोशाला का भ्रमण किया और यहां की व्यवस्थाओं को समझकर गोशाला की प्रगति में हरसंभव सहयोग देने का संकल्प भी व्यक्त किया। गौशाला समिति के ओमप्रकाश पसारी, गोपाल नीमा एवं महेंद्र जैन ने सभी गोभक्तों की अगवानी की। पिछले 20 वर्षों से यहाँ गोपाष्टमी का पर्व मनाया जा रहा है। इस दिन से भगवान श्रीकृष्ण ने गायों को चराने की शुरुआत की थी।
200 लड्डू गोपाल लाए गए – सबसे प्रमुख आकर्षण था लड्डू गोपाल द्वारा सप्त गोमाता मंदिर की परिक्रमा का। गोशाला की ओर से गोभक्तों से आग्रह किया गया था कि वे अपने घरों के मंदिरों के लड्डू गोपाल की प्रतिमाएं लेकर गोशाला आएं और सप्त गोमाता मंदिर की परिक्रमा करें। इस आव्हान के फलस्वरूप कोई 200 से अधिक गोभक्तों ने लड्डू गोपाल के साथ मंदिर एवं गोमाता की परिक्रमा की।
गोभक्तों ने मशीन से किया ओरा टेस्ट – अनेक गो भक्तों ने गोशाला में आकर जैविक खाद, गोमूत्र अर्क एवं विभिन्न औषधियां भी खरीदी और आधुनिक मशीन से अपने ओरा टेस्ट (आभा मंडल) का परीक्षण भी कराया। कुछ बच्चों और गो भक्तों ने तो अपना जन्मदिन भी गोसेवा के साथ मनाया। अनेक भक्तों ने तुलादान भी किया। गोपाष्टमी के उपलक्ष्य में आज गोपूजन के साथ ही पंचगव्य पदार्थों के स्टाल, गो सानिध्य में गर्भ संस्कार की कार्यशाला जैसे कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। सैकड़ों श्रद्धालु अपने-अपने घरों से छप्पन भोग भी बनाकर लाए थे, जो गोवंश को समर्पित किए गए। अंत में संयोजक सी के अग्रवाल ने आभार माना।

 

Shares:

Popular

Popular