आद्य गौड़ ब्राह्मण सेवा न्यास अपने रजत जयंती वर्ष में समाज की प्रतिभाओं को शिक्षक दिवस पर सम्मानित करेगा
प्राथमिक से लेकर उच्च शिक्षा के क्षेत्र में अधिक अंक लाने वाली सभी प्रतिभाएं होंगी सम्मानित
इंदौर,। आद्य गौड़ ब्राह्मण सेवा न्यास के रजत जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में न्यास ने समाज की उन सभी प्रतिभाओं को सम्मानित करने का निर्णय लिया है जो कक्षा 6ठी से लेकर उच्च शिक्षा की कक्षाओं में 75 प्रतिशत से अधिक अथवा समकक्ष श्रेणी प्राप्त कर अपने माता-पिता और समाज का नाम गौरवान्वित किया हैं। इसका पहला आयोजन शिक्षक दिवस पर 5 सितम्बर को होगा।
न्यास के अध्यक्ष पं. दिनेश शर्मा एवं महामंत्री अखिलेश शर्मा ने बताया कि इसके साथ ही आर्थिक रूप से कमजोर ब्राह्मण विद्यार्थियों के लिए छात्रवृत्ति, स्कूल अथवा कॉलेज में शिक्षण शुल्क और पुस्तकों की मदद तथा प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए भी सहयोग करने का निर्णय लिया गया है।
इनमें सर्वाधिक अंक लाने वाले और नीट, क्लेट, जेईई, केट, यूपीएससी तथा अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में उत्तीर्ण होने वाले विद्यार्थियों के साथ ही विभिन्न क्षेत्रों में समाज को गौरवान्वित करने वाली युवा प्रतिभाओं का भी सम्मान किया जाएगा।
न्यासी सुरेश शर्मा “काका”, राजेन्द्र शर्मा, लोकेश जोशी ने बताया कि, आद्य गौड़, गौड़ ब्राह्मण समाज तथा आद्य गौड़ ब्राह्मण सेवा न्यास से किसी भी रूप में जुड़े सभी परिवारों के विद्यार्थियों और प्रतिभाओं के लिए भी यह प्रावधान लागू रहेगा। इसके लिए न्यास के भरत मार्ग, नलिया बाखल स्थित कार्यालय पर 1 से 20 अगस्त तक निर्धारित प्रारूप वाला आवेदन पत्र प्रतिदिन दोपहर 12 से शाम 6 बजे तक उपलब्ध रहेगा। अगले चरण में ब्राह्मण समाज के अन्य वर्गों को भी लाभान्वित करने का प्रयास किया जाएगा।


