अंतर्राज्यीय शातिर चोरी का आरोपी गिरफ्तार, 15 लाख रुपये मूल्य के स्वर्णाभूषण बरामद
इंदौर – रेल यात्रियों की सुरक्षा एवं अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्यवाही के क्रम में थाना जीआरपी इंदौर को एक महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त हुई है। जीआरपी इंदौर की सतर्कता, तकनीकी दक्षता एवं अथक विवेचना के परिणामस्वरूप एक अंतर्राज्यीय शातिर चोरी के आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से लगभग 15 लाख रुपये मूल्य के स्वर्णाभूषण बरामद किए गए हैं।

घटना का संक्षिप्त विवरण- दिनांक 16.03.2026 को फरियादिया श्रीमती मीना बिनवानी, पति अशोक कुमार बिनवानी, उम्र 59 वर्ष, निवासी विष्णुपुरी मेन रोड, इंदौर अपने पति के साथ ट्रेन क्रमांक 19309 शांति एक्सप्रेस के ए-2 कोच में अहमदाबाद से इंदौर की यात्रा कर रही थीं। यात्रा के दौरान उन्होंने अपना लेडीज पर्स सिरहाने रखकर विश्राम किया। इंदौर रेलवे स्टेशन पहुंचने पर उन्हें ज्ञात हुआ कि उनका पर्स अज्ञात चोर द्वारा चोरी कर लिया गया है। चोरी गए सामान में सोने के आभूषण लगभग 11.8 तोला, मोबाइल फोन एवं नगदी सम्मिलित थी। फरियादिया की रिपोर्ट पर थाना जीआरपी इंदौर में अपराध क्रमांक 35/2026 धारा 305(सी) बीएनएस के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।
प्रकरण की गंभीरता को दृष्टिगत रखते हुए राजा बाबू सिंह, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक रेलवे मध्यप्रदेश के निर्देशानुसार तथा पंकज श्रीवास्तव, पुलिस महानिरीक्षक रेलवे, अरविंद तिवारी, पुलिस अधीक्षक रेल इंदौर के आदेशानुसार एवं हेमंत चौहान, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रेल इंदौर एवं श्रीमती ज्योति शर्मा, उप पुलिस अधीक्षक रेल इंदौर के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी जीआरपी इंदौर निरीक्षक रश्मि पाटीदार के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।
प्रकरण की विवेचना के दौरान विशेष गठित टीम द्वारा ट्रेन के आवागमन मार्ग में इंदौर से रतलाम तक विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर लगे 500 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के वीडीयो फुटेज का गहन विश्लेषण किया गया। टीम द्वारा कई दिनों तक निरंतर फुटेज परीक्षण कर संदिग्ध व्यक्ति की पहचान स्थापित की गई। साथ ही साइबर सेल की तकनीकी सहायता लेकर संदिग्ध आरोपी की गतिविधियों एवं लोकेशन का लगातार विश्लेषण किया गया। संदिग्ध आरोपी की पहचान जितेन्द्र चावला उर्फ जित्तू पिता स्व. मनोज चावला, उम्र 37 वर्ष, निवासी पीरूमदारा, थाना रामनगर, जिला नैनीताल (उत्तराखंड) के रूप में हुई । संदिग्ध आरोपी अत्यधिक शातिर होने से लगातार अपनी लोकेशन बदल रहा था, जिसकी तलाश हेतु पुलिस टीमें फरीदाबाद, बरेली, मुरादाबाद, बदांयू, आगरा, बनारस, कासगंज ( उत्तर प्रदेश ), नैनीताल ( उत्तराखंड़ ), चित्तौड़गढ़ ( राजस्थान ), हैदराबाद ( तेलंगाना ), अहमदाबाद (गुजरात ) व दिल्ली आदि स्थानो पर भेजी गई । अंततः अथक प्रयासो से नीमच से आरोपी को गिरफ्तार कर विधिवत पूछताछ की गई, जिसमें आरोपी द्वारा उक्त अपराध किया जाना स्वीकार किया गया । आरोपी की निशानदेही पर चोरी गया समस्त स्वर्णाभूषण बरामद कर लिया गया है, जिसकी वर्तमान अनुमानित बाजार कीमत लगभग 15 लाख रुपये है। बरामद संपत्ति में सोने का हार, सोने के कंगन, अंगूठियां एवं कान के टॉप्स शामिल हैं। आरोपी द्वारा चोरी गये मोबाइल फोन को तोड़कर ट्रेन से बाहर फेकना बताया ।
विवेचना के दौरान आरोपी से पूछताछ करने पर यह तथ्य सामने आया कि आरोपी महंगी जीवनशैली का आदी होकर शराब सेवन हेतु महंगे शराब बार में जाने, नई महिला मित्र बनाने व नई-नई जगह भ्रमण करने का शौक पूरे करने के लिए विभिन्न राज्यों में चोरी की वारदातों को अंजाम देता था। पूछताछ में आरोपी द्वारा मध्यप्रदेश, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, बिहार, तमिलनाडु एवं कर्नाटक राज्यों में अपराध करना स्वीकार किया गया, जिसकी तस्दीक करते आरोपी के विरुद्ध पूर्व से उक्त राज्यो के विभिन्न थानो में 20 से अधिक अपराध पंजीबद्द होना पाया गया, जिसमें संबंधित पुलिस थानो से सम्पर्क कर आरोपी के पूर्व अपराधों की जमानत निरस्तीकरण की कार्यवाही हेतु विधिवत कार्यवाही की जा रही है ।
गिरफ्तार आरोपी का नाम – जितेन्द्र चावला उर्फ जित्तू पिता स्व. मनोज चावला उम्र 37 साल निवासी पीरूमदारा थाना रामनगर जिला नैनीताल (उत्तराखंड)। बरामद संपत्ति – एक लेडीज पर्स जिसमें एक छोट पर्स जिसमें एक सोने का हार वजनी 4 तोला, एक जोडी कान के टाप्स वजनी 8 ग्राम, दो हाथ के कंगन वजनी 5 तोला, चार अंगूठी वजनी 02 तोला, कुल आभूषण 11.8 तोला जिसकी वर्तमान कीमत लगभग 15,00,000 रूपये है ।उल्लेखनीय कार्य करने वाली टीम – प्रकरण की पतारसी व आरोपी की गिरफ्तारी में जीआरपी थाना इंदौर प्रभारी निरीक्षक रश्मि पाटीदार व उनकी टीम सउनि मो. यूनुस गौरी, आर. 410 आकाश, आर 614 सतेन्द्र, आर. 366 नीरज पंत, आर 486 राजकुमार, आर 82 चेतन नरवले, प्रआर 472 मनोज जाट जीआरपी थाना रतलाम व सायबर सेल प्रभारी प्रआर. 110 इंदर सिह का विशेष योगदान रहा ।


