NEWS

भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान इंदौर में झारखंड से आए प्रतिनिधिमंडल का स्वागत किया गया।

भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान इंदौर में झारखंड से आए प्रतिनिधिमंडल का स्वागत किया गया।

इंदौर। भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय द्वारा संचालित “एक भारत श्रेष्ठ भारत” पहल के अंतर्गत आयोजित युवा संगम फेज–6 के तहत भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान इंदौर में झारखंड से आए प्रतिनिधिमंडल का स्वागत किया गया।

इस वर्ष युवा संगम कार्यक्रम के लिए पूरे देश से लगभग 1,26,860 युवाओं ने आवेदन किया, जिनमें से चयनित प्रतिभागियों को विभिन्न राज्यों के साथ सांस्कृतिक एवं शैक्षणिक आदान-प्रदान के लिए जोड़ा गया है। इसी क्रम में 26 मई को झारखंड से 45 चयनित प्रतिभागी IIT इंदौर पहुँचे, जहाँ वे आगामी सात दिनों तक मध्य प्रदेश की संस्कृति, परंपरा, विरासत, तकनीकी प्रगति तथा सामाजिक जीवन को निकट से जानेंगे और अनुभव करेंगे।

माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी की “एक भारत श्रेष्ठ भारत” की परिकल्पना के अनुरूप यह कार्यक्रम युवाओं के बीच सांस्कृतिक आदान-प्रदान, संवाद तथा राष्ट्रीय एकता को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

इस अवसर पर IIT इंदौर के निदेशक प्रो. सुहास एस. जोशी ने इस कार्यक्रम को युवाओं को भारत की विविधता से जोड़ने और अनुभवात्मक शिक्षा प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया। वहीं एक भारत श्रेष्ठ भारत कार्यक्रम के संयोजक एवं IIT इंदौर के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. मृगेन्द्र दुबे ने प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए कहा कि युवा संगम केवल एक यात्रा नहीं, बल्कि सीखने, अनुभव साझा करने और भारत की सांस्कृतिक समृद्धि को समझने का एक सशक्त मंच है।

कार्यक्रम के अंतर्गत प्रतिभागियों को पाँच प्रमुख आयामों — पर्यटन, परंपरा, प्रगति, पारस्परिक संपर्क और प्रौद्योगिकी — के माध्यम से अनुभवात्मक शिक्षा प्रदान की जाएगी। प्रतिभागी मध्य प्रदेश की सांस्कृतिक धरोहर, स्थानीय समुदायों, शैक्षणिक संस्थानों तथा नवाचार एवं विकास गतिविधियों से भी परिचित होंगे।

यह कार्यक्रम राज्यों के बीच जुड़ाव को मजबूत करने और “विविधता में एकता” की भावना को आगे बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास माना जा रहा है।

Shares: