भारत में 7 प्रमुख नदियां हैं, उन्हीं में से एक है नर्मदा। इसी नर्मदा नदी से जुड़ी है नर्मदा जयंती जिसे हर साल देश के विभिन्न हिस्सों में मनाया जाता है। हिंदू चंद्र कैलेंडर के अनुसार, हर साल माघ मास के शुक्ल पक्ष की सप्तमी को नर्मदा जयंती मनाई जाती है। इस पावन अवसर पर भक्तजन नर्मदा नदी की पूजा करते हैं।
कब है नर्मदा जयंती
इस वर्ष नर्मदा जयंती 25 जनवरी को मनाई जाएगी, इस दिन भक्त नर्मदा नदी की पूजा-अर्चना करते हैं और पवित्र स्नान करते हैं, जिससे जीवन में सुख-समृद्धि आती है, और यह पर्व मुख्य रूप से नर्मदा के उद्गम स्थल अमरकंटक में धूमधाम से मनाया जाता है. यही स्थान नर्मदा जयंती के अवसर पर पूजन और पवित्र स्नान के लिए सबसे अधिक लोकप्रिय माना जाता है।
दान का है अत्यधिक महत्व
भारत में नर्मदा जयंती को एक त्योहार की तरह मनाया जाता है। इस दिन मां नर्मदा के जन्मदिवस को काफी भव्य रूप से मनाया जाता है और नर्मदा के तटों को सजाया जाता है। नर्मदा जयंती के दिन मां नर्मदा की पूजा करने के लिए सर्वप्रथम स्नान करके साफ वस्त्र धारण करें। इसके बाद, माँ नर्मदा को चुनरी और श्रृंगार का सामान अर्पित करें। फिर उन्हें फल, फूल, मिठाई आदि भी चढ़ाएँ।
इसके साथ ही, इस दिन हवन करने का भी विधान है। इस दिन अनाज, वस्त्र, गुड़, फल या भोजन का दान करना अत्यंत पुण्यकारी माना जाता है। दान से जीवन में सुख, शांति और समृद्धि आती है। नर्मदा जयंती के दिन मां नर्मदा की परिक्रमा करना भी बहुत ज़रूरी होता है।
नर्मदा तट पर वास करते है सभी देवता
भगवान शिव से मिले वरदान के कारण ही नर्मदा नदी का कभी विनाश नहीं हुआ। नर्मदा नदी के हर एक पत्थर को शिवलिंग का रूप माना जाता है और इन्हीं के तट पर सभी देवी-देवता निवास करते हैं। इतना ही नहीं, ऐसा कहा जाता है, कि नर्मदा नदी के दर्शन मात्र से ही सभी पाप नष्ट हो जाते हैं।
नर्मदा तट नहीं जा पाते है तो ऐसे करे पुजा-अर्चना
यदि संभव हो तो नर्मदा या किसी अन्य पवित्र नदी में सूर्योदय के समय स्नान करें। यदि ऐसा संभव न हो तो घर पर सामान्य पानी में थोड़ा नर्मदा जल मिलाकर स्नान करें। सुबह उठकर घर की साफ-सफाई करें। पीले रंग के वस्त्र पहनें और सूर्य देव को जल अर्पित करें। लक्ष्मी-नारायण और मां नर्मदा की विधि-विधान से पूजा करें।
नर्मदा अष्टक, नर्मदा चालीसा या ‘ॐ नमः शिवाय’ मंत्र का जाप करें। नर्मदा जयंती के दिन उपवास रखा जाता है। कुछ लोग इस दिन विशेष प्रकार के भोजन से परहेज भी करते हैं। आप नदी के किनारे स्थित मंदिरों में होने वाले विशेष समारोहों में भाग ले सकते हैं, जहाँ अक्सर भजन-कीर्तन और आरती का आयोजन होता है।

नर्मदा जयंती पर मां की पुजा के लाभ
नर्मदा माता की पूजा और तट पर स्नान करने से आध्यात्मिक शांति मिलती है। मन के संकट, भय और तनाव दूर होते हैं। मानसिक स्थिरता और सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। नर्मदा नदी में स्नान करने से रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है। आयुर्वेद के अनुसार, पवित्र नदी का जल और स्नान शरीर को शुद्ध और स्वास्थ्यवर्धक बनाता है।
माता नर्मदा की पूजा करने से संपत्ति और धन की वृद्धि होती है। जीवन में सुख-समृद्धि और सुखमय परिवार की प्राप्ति होती है। इस दिन किए गए दान, पूजा और व्रत से पापों का नाश होता है। यह जीवन में अच्छे कर्मों और पुण्य का संचित करता है। नर्मदा जयंती मनाने से व्यक्ति सात्विक आचरण, संयम और अनुशासन की ओर बढ़ता है। यह दिन जीवन में सकारात्मक बदलाव और आत्मिक विकास का संदेश देता है।
मां नर्मदा की पौराणिक कथा
पौराणिक ग्रंथों के अनुसार, जब देवताओं ने अंधकासुर नाम के राक्षस का वध किया था। तो उस समय उस राक्षसी वध करने के दौरान देवताओं ने कई पाप किये थे, जिस कारण सभी देवता पाप में लिप्त थे। वह अपने पापों का प्रायश्चित करना चाहते थे, लेकिन उन्हें इसका कोई विकल्प समझ नहीं आ रहा था। तब उन्हें महादेव का स्मरण आया और उन्हें ज्ञात हुआ कि सिर्फ भगवान शिव ही उन्हें इस मुश्किल से बाहर निकाल सकते हैं। यह सोचकर सभी देवता भगवान विष्णु और ब्रह्मा सहित भगवान शिव के पास पहुँचे।
उन्होंने भगवान शिव को अपने पाप कर्मों की कथा सुनाई और उनसे विनती की, कि वह उनके पाप दूर करने का कोई उपाय बताएं। भगवान शिव उस समय ध्यान में लीन थे। मगर जैसे ही महादेव ने अपनी आंखें खोली तो उनकी आंखों से एक चमकता बिंदु उत्पन्न हुआ और पृथ्वी पर अमरकंटक स्थान के मेकल पर्वत पर जा गिरा।
इस बिंदु के गिरने से एक कन्या ने जन्म लिया। यह कन्या परम रूपवती थी। इसका नाम भगवान विष्णु और देवताओं द्वारा नर्मदा रखा गया। इस तरह भगवान शिव ने सभी देवताओं के अनुरोध पर नर्मदा नदी को उनके पापों को नष्ट करने के लिए उत्पन्न किया


