इंदौर प्रेस क्लब और सेवाकुंज हॉस्पिटल के संयुक्त तत्वावधान में नि:शुल्क मेगा हेल्थ कैंप संपन्न
140 से अधिक मीडियाकर्मियों और उनके परिजनों ने लिया लाभ
इंदौर। इंदौर प्रेस क्लब और एलएनसीटी मेडिकल कॉलेज एंड सेवाकुंज हॉस्पिटल के संयुक्त तत्वावधान में पत्रकारों एवं उनके परिजनों के स्वास्थ्य के प्रति संवेदनशीलता दिखाते हुए दो दिवसीय नि:शुल्क मेगा हेल्थ कैंप का आयोजन किया गया। इस शिविर में करीब 140 मीडियाकर्मियों और उनके परिजनों ने लाभ लिया।
प्रेस क्लब अध्यक्ष दीपक कर्दम और महासचिव प्रदीप जोशी ने बताया कि शिविर में न केवल परामर्श, बल्कि एमआरआई और सीटी स्कैन जैसी महंगी जाँचें और जटिल ऑपरेशन भी पूरी तरह नि:शुल्क थे। यहां हृदय, कैंसर, पेट, हड्डी, दांत, महिला, शिशु, नाक, कान, गला, आंखों के रोग के विशेषज्ञ चिकित्सकों जांच कर परामर्श दिया गया। सभी शिविरार्थियों को इंदौर प्रेस क्लब से वाहन द्वारा सेवाकुंज हॉस्पिटल लाने-ले जाने की विशेष व्यवस्था की गई थी। हॉस्पिटल में आयोजित कार्यक्रम में एलएनसीटी मेडिकल कॉलेज के निदेशक श्री रवीन्द्र कुशवाह, श्री राकेश, डॉ. साधना, सीएमएचओ डॉ. शक्तिवर्धन और उनकी टीम ने इस दो दिवसीय शिविर में विशेष सेवाएं प्रदान की। डॉ. शक्तिवर्धन ने कहा कि सेवाकुंज हॉस्पिटल और इंदौर प्रेस क्लब एक परस्पर सहयोगी की भूमिका में रहेंगे, क्योंकि डॉक्टर और पत्रकार दोनों का सामाजिक सरोकार है। पत्रकारों और उनके परिजनों की मदद के लिए हम सदैव तत्पर रहेंगे। इस शिविर को हॉस्पिटल प्रबंधन की ओर से डॉ. नितिन राठौर को-आर्डिनेट कर रहे थे।
प्रेस क्लब अध्यक्ष दीपक कर्दम ने नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर के लिए अस्पताल प्रबंधन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आज के दौर में जहां इलाज का खर्च एक आदमी के बूते से बाहर होता जा रहा है, ऐसे मौके पर सेवा-भावना के साथ सेवाकुंज हॉस्पिटल के प्रयास समाज को राहत प्रदान करने वाले हैं। प्रेस क्लब महासचिव प्रदीप जोशी ने कहा कि इस भागदौड़ भरी जिंदगी में थकना मना है। बिना थके काम करना है तो शरीर को स्वस्थ रखना पहली आवश्यकता है। सेवाकुंज अस्पताल प्रबंधन ने इंदौर प्रेस क्लब के सदस्यों और उनके परिजनों के स्वास्थ्य की चिंता की, इसके लिए वे साधुवाद के पात्र हैं। इस मौके पर प्रेस क्लब उपाध्यक्ष संजय त्रिपाठी, कोषाध्यक्ष मुकेश तिवारी, कार्यकारिणी सदस्य अभय तिवारी, श्याम कामले, लक्ष्मीकांत पंडित, प्रदीप जोशी आदि उपस्थित थे।


