Eternal Hinduism

महामंडलेश्वर राजगुरु जी महाराज करेंगे भू-समाधि साधना,खेड़ापति आश्रम में 5 से 15 अप्रैल तक हनुमंत विराट मेला

इंदौर।  शहर के समीप पिपलिया लोहार (खरडा खेड़ा), शिवनगर स्थित खेड़ापति आश्रम में आगामी 5 अप्रैल से 15 अप्रैल 2026 तक हनुमंत विराट मेला एवं विविध आध्यात्मिक आयोजनों का भव्य आयोजन किया जाएगा। आयोजन हनुमान भक्ति, साधना और लोककल्याण के उद्देश्य से हनुमंत साधक श्री श्री 1008 महामंडलेश्वर राजगुरु जी महाराज के पावन सानिध्य में संपन्न होगा। आश्रम परिसर में तैयारियां जोरों पर हैं तथा श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा जा रहा है।

तीन दिवसीय दिव्य भू-समाधि साधना
आयोजन समिति के अनुसार 5 से 15 अप्रैल तक चलने वाले विराट मेले के दौरान 8 से 14 अप्रैल तक श्रीमद् भागवत कथा का आयोजन होगा। वहीं 10 अप्रैल से 13 अप्रैल तक तीन दिवसीय दिव्य भू-समाधि साधना संपन्न की जाएगी, जिसके साथ 10 से 13 अप्रैल तक अखंड हनुमान चालीसा पाठ भी आयोजित रहेगा। 13 अप्रैल को विशेष पूजन-अभिषेक के उपरांत अभिमंत्रित रुद्राक्षों का वितरण किया जाएगा, जबकि 14 अप्रैल को पूर्णाहुति के साथ विशाल भंडारे का आयोजन होगा।

रुद्राक्षों से निर्मित होगी  5 फीट ऊंची हनुमान प्रतिमा
आश्रम में इस अवसर पर हजारों नेपाली रुद्राक्षों से निर्मित लगभग 5 फीट ऊंची हनुमान जी की भव्य प्रतिमा तैयार की जा रही है, जिसका सात दिनों तक रुद्राभिषेक एवं अखंड पाठ के माध्यम से अभिमंत्रण किया जाएगा। आयोजन समिति का दावा है कि इस आध्यात्मिक अनुष्ठान से वातावरण में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होगा और श्रद्धालुओं को विशेष आध्यात्मिक लाभ प्राप्त होगा। महामंडलेश्वर राजगुरु जी महाराज ने बताया कि भू-समाधि साधना का उद्देश्य व्यक्तिगत तपस्या नहीं, बल्कि लोकमंगल और राष्ट्रकल्याण का संकल्प है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में समाज अनेक चुनौतियों से गुजर रहा है, ऐसे में आध्यात्मिक साधना समाज के लिए शक्ति और संरक्षण का माध्यम बनती है।

अखंड धूना और अखंड ज्योत प्रज्वलित
आश्रम परिसर में पिछले तीन वर्षों से अखंड धूना और अखंड ज्योत प्रज्वलित है, जिसके कारण यह स्थल श्रद्धा और साधना का प्रमुख केंद्र बन चुका है। मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधाओं के लिए विशेष प्रबंध किए जा रहे हैं। पूजा-अर्चना, सत्संग, कीर्तन, यज्ञ एवं धार्मिक अनुष्ठानों के साथ मेले में विभिन्न प्रकार की आवश्यक दुकानों और व्यवस्थाओं की भी व्यवस्था रहेगी। आयोजन समिति द्वारा सुरक्षा, यातायात, पेयजल, स्वच्छता एवं चिकित्सा सुविधाओं की रूपरेखा भी तैयार की जा रही है। समिति ने श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर संकट मोचन हनुमान जी के दर्शन लाभ लेने एवं दिव्य आयोजनों में सहभागी बनने की अपील की है।

Shares:
Leave a Reply