मंडी शुल्क बढ़ाने के विरोध में कांग्रेस का प्रदेशव्यापी आंदोलन, 31 जुलाई को सभी जिलों में ज्ञापन
1.5% से बढ़ाकर 2% शुल्क किए जाने पर व्यापारियों ने जताया कड़ा विरोध, सरकार से फैसला वापस लेने की मांग
इंदौर/भोपाल। प्रदेश की कृषि उपज मंडियों में मंडी शुल्क 1.5 प्रतिशत से बढ़ाकर 2 प्रतिशत किए जाने के विरोध में कांग्रेस उद्योग व्यापार प्रकोष्ठ ने प्रदेशव्यापी आंदोलन का ऐलान किया है। प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष अरविंद बागड़ी की अध्यक्षता में रविवार को आयोजित वर्चुअल बैठक में प्रदेश के 28 जिलों के अध्यक्ष शामिल हुए। बैठक में निर्णय लिया गया कि 31 जुलाई को पूरे मध्य प्रदेश में मंडी समिति में ज्ञापन सौंपे जाएंगे।
बैठक में प्रकोष्ठ ने आरोप लगाया कि मध्य प्रदेश में पहले से ही देश में सबसे अधिक मंडी टैक्स लागू था, लेकिन सरकार ने इसे कम करने के बजाय 1.5 प्रतिशत से बढ़ाकर 2 प्रतिशत कर दिया। इससे प्रदेश की कृषि उपज मंडियों पर प्रतिकूल असर पड़ेगा और व्यापारियों के साथ-साथ किसानों पर भी अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा।
अरविंद बागड़ी ने कहा कि शुल्क वृद्धि के कारण प्रदेश की मंडियों का कारोबार प्रभावित हो रहा है। उन्होंने दावा किया कि पहले भी मंडी शुल्क के विरोध में प्रदेशभर की मंडियां बंद रखी गई थीं, लेकिन सरकार ने कोई ठोस निर्णय नहीं लिया। अब यदि शुल्क वृद्धि वापस नहीं ली गई तो कांग्रेस उद्योग व्यापार प्रकोष्ठ चरणबद्ध तरीके से प्रदेशव्यापी उग्र आंदोलन और जन-जागरण अभियान शुरू करेगा।
बैठक में प्रदेश संगठन महामंत्री संजय पटवर्धन, प्रदेश महामंत्री अभिषेक मित्तल, प्रदेश सचिव गोविंद अग्रवाल, दीपक पंचायती तथा मोहनलाल अग्रवाल सहित अन्य पदाधिकारी भी मौजूद रहे।


