निपान्या स्थित इस्कॉन मंदिर पर कल राधा-गोविन्द एवं
राम दरबार करेंगे सप्त सरोवर के जल में नौका विहार
मंदिर परिसर में निकाली जाएगी पालकी यात्रा, गौर आरती सहित होंगे सांस्कृतिक कार्यक्रम
इंदौर, । निपान्या स्थित अंतर्राष्ट्रीय श्रीकृष्ण भावनामृत संघ (इस्कॉन) मंदिर पर रविवार 19 अप्रैल को अपराह्न 4 बजे से भगवान राधा गोविन्द एवं राम दरबार, दो अलग-अलग फूलों से सुसज्जित कमल पुष्प की आकृति वाली नौकाओं में विराजित होकर मन्दिर के कुंड में नर्मदा के पवित्र जल तथा सप्त सरोवर के जल में विहार करेंगे और अपने भक्तों को दर्शन देंगे। जल में सुगन्धित द्रव्यों का भी उपयोग होगा। इसके पूर्व मंदिर परिसर में भगवान की पालकी यात्रा भी निकाली जाएगी और अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे।
इस्कॉन मंदिर इंदौर के अध्यक्ष एवं इस्कॉन इंडिया के वाइस चेयरमैन स्वामी महामनदास प्रभु ने बताया कि मंदिर परिसर स्थित इस आनंदमय नौका विहार के दौरान मंगलमय गौर आरती एवं अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे जिनमें दिव्य हरि कथा, प्रवचन एवं अन्य उत्सव भी शामिल हैं। शहर के सभी प्रमुख धार्मिक सामाजिक संगठनों एवं विशिष्टजनों को इस महोत्सव में आमंत्रित किया गया है। क्षेत्र के विधायक एवं जल संसाधन मंत्री तुलसी सिलावट ने शुक्रवार को इस महोत्सव के निमंत्रण पत्र का लोकार्पण किया। इस मौके पर भक्त मंडल के हरि अग्रवाल, अशोक गोयल, गिरधर गोपाल दास, अद्विधरण प्रभु, भक्त वत्सलदास, डॉ. लक्ष्मण दास सहित अनेक भक्त और संत भी मौजूद थे जिन्होंने महोत्सव की जानकारी प्रदान की।
भक्त मंडल की ओर से इस अवसर पर मंत्री तुलसी सिलावट एवं महापौर पुष्यमित्र भार्गव से मांग की गई कि वे इस्कॉन मंदिर वाली सड़क एवं तालाब का नामकरण इस्कॉन के संस्थापक भक्ति वेदांत स्वामी श्रील प्रभुपाद के नाम पर करने की जनभावना को मंजूरी प्रदान करें। मंत्री सिलावट के आश्वस्त किया कि वे राज्य शासन के स्तर पर इस मांग के समर्थन में कार्रवाई करेंगे।


