NEWS

नरसिंह जयंती पर दो दिवसीय प्राकट्य महोत्सव इस बार 29-30 को, विशाल शोभायात्रा सहित अनेक आयोजन होंगे

नरसिंह जयंती पर दो दिवसीय प्राकट्य महोत्सव इस बार 29-30 को, विशाल शोभायात्रा सहित अनेक आयोजन होंगे

श्री जांगड़ा पोरवाल पंचायती सभा की मेजबानी में जगदगुरु स्वामी रामदयाल महाराज भी शामिल होंगे

इंदौर। श्री जांगड़ा पोरवाल पंचायती सभा इंदौर के तत्वावधान में भगवान नरसिंहदेव का पावन प्राकट्य उत्सव इस बार 29-30 अप्रैल को धूमधाम से मनाया जाएगा। अंतर्राष्ट्रीय रामस्नेही सम्प्रदाय के आचार्य जगदगुरु स्वामी रामदयाल महाराज के सानिध्य में भव्य महाभिषेक, रथ यात्रा, महाआरती एवं महाप्रसादी सहित विभिन्न अनुष्ठान होंगे। गुरुवार 30 अप्रैल को सुबह 7 बजे से छत्रीबाग स्थित नरसिंह मंदिर से भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी।

श्री जांगड़ा पोरवाल पंचायती सभा इंदौर की उत्सव समिति के अरुण पोरवाल ने बताया कि सभा के अध्यक्ष श्रीराम दयाल फरकिया, सुभाष धनोतिया, संतोष मेहता एवं लेखराज कारा के मार्गदर्शन में महोत्सव का शुभारंभ बुधवार 29 अप्रैल को सुबह 8 बजे से नरसिंह मंदिर में भगवान नरसिंह के महाभिषेक के साथ होगा। समाजसेवी जगदीश कन्हैयालाल गुप्ता खेजडियावाला इस महोत्सव के सभी कार्यक्रमों के लाभार्थी होंगे। महोत्सव की दिव्यता को देखते हुए समाज की उत्सव समिति के श्याम राणापुर, नीलेश पोरवाल, अशोक मेहता, बलराम गुप्ता एवं राजेश सेठिया की मौजूदगी में महोत्सव की प्रारम्भिक तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। गुरुवार 30 अप्रैल को सुबह 7 बजे से छत्रीबाग नरसिंह मंदिर से भव्य शोभायात्रा का शुभारंभ जगदगुरु स्वामी रामदयाल महाराज के सानिध्य में होगा।

यह शोभायात्रा छत्रीबाग मंदिर से राजस्व ग्राम, सेवालय हॉस्पिटल, नरसिंह बाजार, सांठा बाजार, बजाज खाना चौक, मारोठिया बाजार से पुनः नरसिंह मंदिर छत्रीबाग पहुंचेगी जहाँ महाआरती एवं महाप्रसादी जैसे आयोजन होंगे। जगदगुरु स्वामी रामदयाल महाराज इस रथ यात्रा में स्वयं पधारकर भक्तों को दिव्य दर्शन एवं आशीर्वाद प्रदान करेंगे। शोभायात्रा में शामिल पुरुष श्वेत एवं महिलाऐं केसरिया परिधान में शामिल होंगे। यात्रा मार्ग पर अनेक स्वागत मंच, तोरण द्वार एवं पुष्प वर्षा की तैयारियां की जा रही हैं। गुरुवार को शोभायात्रा के साथ ही समूचे मन्दिर परिसर में भगवान का मनोहारी श्रृंगार कर पुष्प बंगला भी सजाया जाएगा। शोभायात्रा की तैयारिया युद्ध स्तर पर चल रही हैं जिसमें समाज के महिला एवं युवा संगठनों सहित विभिन्न संस्थाओं की भी उत्साहपूर्ण भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है।

Shares: