Uncategorized

सात पवित्र नदियों का जल लेकर हजारों माहेश्वरी बंधुओं ने किया भोले भंडारी का जलाभिषेक, समूचा पश्चिमी क्षेत्र गूंजता रहा बोल बम के उद्घोष से 

सात पवित्र नदियों का जल लेकर हजारों माहेश्वरी बंधुओं ने किया भोले भंडारी का जलाभिषेक, समूचा पश्चिमी क्षेत्र गूंजता रहा बोल बम के उद्घोष से

भस्म रमैया भक्त मंडल के डमरू बैंड और झांकियों ने सबका मन मोहा, महाआरती में की सबके लिए सुख-शांति की प्रार्थना

इंदौर। पश्चिमी मप्र प्रादेशिक माहेश्वरी सभा एवं संस्था माहेश्वरी कुटुम्ब की संयुक्त मेजबानी में रविवार को रिंग रोड स्थित परस्पर गार्डन से निकली जय महेश कावड़ यात्रा ने समूचे मार्ग को भोले बाबा की भक्ति के रंग में डुबोए रखा। कावड़ पूजन एवं आरती के बाद नर्मदा, क्षिप्रा, गंभीर, कालीसिंध, चंबल और गंगा-यमुना सहित सात पवित्र नदियों के जल से भरी कावड़ उठाकर जब तीन हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने जैसे ही पदयात्रा शुरू की, समूचा क्षेत्र भगवान भोलेनाथ, भगवान महेश और देवी-देवताओं के जयघोष से गूंज उठा। बोल बम और हर-हर महादेव के उदघोष ने परस्पर गार्डन से लेकर गुमाश्ता नगर स्थित शिव मंदिर तक के मार्ग को भक्ति भाव से लबरेज बनाए रखा। मार्ग में अनेक स्थानों पर यात्रियों के स्वागत, सत्कार, पुष्प वर्षा, फलाहार वितरण, आतिशबाजी और जयघोष के दृश्य भी देखने को मिले। यात्रा में बड़ी संख्या में शामिल मातृशक्ति पीताम्बर एवं पुरुष भगवा धोती-कुर्ता या कुर्ता-पायजामा और गुलाबी एवं केशरिया साफा बांधे शामिल हुए। इस दौरान सभी श्रद्धालुओं ने ग्रीन इंदौर-क्लीन इंदौर, स्वच्छ इंदौर, यातायात नियमों के प्रति जागरूकता और शाकाहार को प्रोत्साहित करने के संकल्प भी व्यक्त किए।

संस्था माहेश्वरी कुटुम्ब के प्रमुख शारदा प्रकाश अजमेरा एवं सभा के अध्यक्ष अजय झंवर ने बताया कि परस्पर गार्डन से प्रारम्भ हुई इस अनूठी कावड़ यात्रा ने सामाजिक सरोकार से जुड़े मुद्दों पर भी आम लोगों का ध्यानाकर्षण किया। यात्रा में भगवान उमा महेश एवं भगवान भोलेनाथ और माँ पार्वती के चमत्कारों पर आधारित 7 झांकियां पूरे समय झिलमिलाती रही वहीं उज्जैन के भस्म रमैया भक्त मंडल के डमरू बैंड और भगवान शिव, पार्वती, नंदी पर सवाल बालिकाएं, शिवजी की बारात, नाचते-गाते राधा कृष्ण और शिव-पार्वती के श्रृंगार में सज-धजकर आए नन्हे-मुन्ने और अन्य समाज बंधु भी आकर्षण के केंद्र बने रहे। भजनों पर नाचते-गाते हुए सभी श्रद्धालु परस्पर गार्डन से मेन रोड, फूटी कोठी चौराहा, रणजीत हनुमान, नाकोडा से गुमाश्ता नगर स्थित शिव मंदिर पहुंची जहाँ भगवान भोले भंडारी का जलाभिषेक करने के लिए भक्तों में होड़ मची रही। कोई चार घंटे चली इस कावड़ यात्रा ने शहर के पश्चिमी क्षेत्र को भोले की भक्ति में पूरे समय बांधे रखा। यात्रा में मुख्य रूप से प्रकाश अजमेरा के साथ अशोक ईनानी, अजय झंवर, मनोज छापरवाल, पुष्प माहेश्वरी, मधुसूदन भल्लिका, दिलीप लोया, रुपेश भूतड़ा, राजेश मूंगड, श्रीमोहन सोमानी, रविकांत परवाल, मुकेश सारडा, राधेश्याम सारडा, ओमप्रकाश काबरा, सुरेश हेडा सहित सभा के सभी पदाधिकारी व्यवस्था संभाले रहे। मार्ग में भी करीब 50 मंचों से कावड़ यात्रा की अगवानी हुई। गुमाश्ता नगर स्थित शिव मंदिर पहुँचने पर सभी श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक कर उनसे समाज, शहर एवं देश-प्रदेश में सुख, शांति एवं सदभाव की प्रार्थना की। महाआरती में बड़ी संख्या में श्रीमती शारदा अजमेरा के साथ मातृशक्ति ने भी शामिल होकर समाज बंधुओं की अगवानी की। पार्षद बरखा मालू, भाजपा नेता एकलव्य सिंह गौड़, भाजपा पिछड़ा वर्ग के प्रदेशाध्यक्ष पवन पाटीदार, हरीश विजयवर्गीय सहित अनेक राजनेताओं ने भी कावड़ उठाकर पुण्य लाभ अर्जित किया।

यात्रा के स्वागत का जश्न इतना जबर्दस्त था कि जहां-जहां से यात्रा निकली, सड़कें फूलों से पट गई। यात्रा के साथ मार्ग की सफाई भी हाथों-हाथ करने की व्यवस्था भी की गई थी। विभिन्न मार्गों से होते हुए यात्रा जब पुनः परस्पर गार्डन पहुंची तो कावड़ यात्रियों के साथ आसपास के नागरिकों ने भी बड़ी संख्या में शामिल होकर भक्ति भाव को और अधिक जोशीला बना दिया। महाआरती में तीन हजार से अधिक श्रद्धालु शामिल हुए। अंत में यात्रा के सूत्रधार शारदा प्रकाश अजमेरा दम्पत्ति ने आभार माना।

 

Shares: