सुखद वर्षा की प्रार्थना के साथ खाटू श्याम मंदिर अम्बिकापुरी में दी गई 108 श्रीफलों से आहुतियाँ मंदिर के 29 वें वार्षिकोत्सव में आज सुबह पूर्णाहुति, शाम को भजन संध्या
इंदौर । एयरपोर्ट रोड, अम्बिकापुरी स्थित खाटू श्याम धाम के 29वें वार्षिकोत्सव में गुरुवार को निर्जला एकादशी के उपलक्ष्य में खाटू श्याम महायज्ञ में 108 श्रीफलों की आहुतियाँ समर्पित कर समूचे राष्ट्र एवं मालवांचल में सुखद वर्षा, विश्व शांति एवं जनकल्याण की प्रार्थना की गई। सैकड़ों श्रद्धालुओं ने गत 20 जून से चल रहे महोत्सव में पुष्प बंगले एवं पवित्र ज्योत के दर्शन भी किए। समूचा परिसर दिनभर खाटू श्याम बाबा के जयघोष से गूंजता रहा। मंदिर के वार्षिकोत्सव का समापन शुक्रवार 26 जून को सुबह महायज्ञ की पूर्णाहुति एवं संध्या को चलित भंडारे के साथ होगा।
महंत नीलू बाबा ने बताया कि महामंडलेश्वर स्वामी गोपालदास महाराज के सानिध्य में अ.भा. खाटू श्याम अखाड़े के अनेक संत-विद्वानों ने निर्जला एकादशी पर महोत्सव में अपनी भागीदारी दर्ज कराई। सुबह मंदिर में श्याम बाबा का मनोहारी श्रृंगार किया गया, जिसके दर्शनार्थ भक्तों का मेला दिनभर जुटा रहा। मंदिर पर चल रहे खाटू श्याम महायज्ञ में सुबह 108 श्रीफलों (नारियल) की आहुतियाँ समर्पित कर श्याम बाबा से सुखद वर्षा, विश्व शांति एवं जनकल्याण की प्रार्थना की गई। नारियल की आहुतियों में समाजसेवी राधेश्याम गुरूजी, विनोद मित्तल, पवन रामदास छावनी, जगदीश माहेश्वरी, रमेश शर्मा, मनीष गुप्ता एवं मंदिर समिति की ओर से धीरेंद्र जैसवाल, मनीष जैन, अनिल सोनी, श्याम सुंदर सोनी आदि ने भाग लिया। अतिथियों का स्वागत महंत नीलू बाबा के सानिध्य में मलखान सिंह ठाकुर, अशोक सोलंकी, पवन तिवारी, मुकेश उपाध्याय, मनोज सालवी, विनोद विश्वकर्मा, हिमांशु कौशल, अविनाश कौशल एवं महिला समिति की ओर से अध्यक्ष संध्या गुप्ता, करुणा शर्मा, प्रिया सांखला, मालती जायसवाल, रेखा परमार, सोनू सोलंकी, पूजा गोयल, पिंकी राजोरिया एवं दिव्या अग्रवाल ने किया। मातृशक्ति ने भी दोपहर में अपने भजनों से भक्तों को थिरकाए रखा। शाम को श्याम बाबा को पुष्प बंगले में विराजित किया गया तो सैकड़ों मोबाइल कैमरों की फ्लश मनोहारी दृश्य को कैद करने में जुटी रही।
आज पूर्णाहुति – गत 20 जून से मंदिर में चल रहे 29 वें वार्षिकोत्सव का समापन एवं खाटू श्याम महायज्ञ की पूर्णाहुति सुबह 8 से 10 बजे तक होगी। दोपहर में 3 बजे महिला मंडल की बहनें भजन-संकीर्तन की प्रस्तुति देंगी। शाम 7.30 बजे महाआरती एवं भजन संध्या के बाद चलित भंडारे के साथ महोत्सव का समापन होगा।
—


