इंदौर(विनोद गोयल) – बंगाली चौराहा, मयूर हॉस्पिटल के पास स्थित मैदान पर 8 से 14 जनवरी तक होने वाले विराट लक्ष्मीनारायण महायज्ञ की तैयारियां अंतिम दौर में पहुँच गई है। रविवार को मालवांचल के जाने-माने संतों महंतों के सानिध्य में महायज्ञ की तैयारियों पर विभिन्न जिलों से आए श्रद्धालुओं ने भव्य यज्ञशाला का अवलोकन कर अपने सुझाव भी दिए। यह यज्ञशाला 5 बीघा क्षेत्र में करीब 8 हजार वर्गफुट मैदान पर बनाई गई है और इसमें 51 कुण्डीय महायज्ञ होगा। इस दौरान श्रीसूक्त से साढ़े सात लाख एवं पुरुषसूक्त से साढ़े सात लाख, इस तरह कुल पंद्रह लाख आहुतियाँ राष्ट्र में सुख, शांति एवं सद्भावना की कामना से समर्पित की जाएंगी। 5 बीघा क्षेत्र में वाहन पार्किंग की व्यवस्था भी की गई है। 8 जनवरी से यहाँ स्वाहाकार की मंगल ध्वनि प्रारंभ हो जाएगी।
मकर संक्रांति पर होगी पूर्णाहूति
यज्ञ की आयोजन समिति के प्रमुख देववृत पाटीदार एवं हेमंत चौधरी ने बताया कि रविवार को यज्ञ स्थल पर आयोजित बैठक में महंत कृष्ण गोपाल दास महाराज (आगरोद) के सानिध्य में बड़ी संख्या में आसपास के अनेक जिलों के श्रद्धालु शामिल हुए। बैठक में महंतश्री के मार्गदर्शन में विभिन्न व्यवस्था समितियों का गठन किया गया जिनमें पार्किंग व्यवस्था के लिए अंकित रिंगे एवं संजीव ठाकुर, कार्यालय व्यवस्था के लिए डॉ. सुभाष बारुड, पेयजल के लिए बद्रीलाल पटेल, स्वच्छता के लिए राजेंद्र पाटीदार, भोजन निर्माण के लिए चन्द्रमोहन दुबे एवं अल्केश सोलिया, भोजन परोसगारी में बलराम पाटीदार एवं सोनू पाटीदार पहलवान, साउंड एवं बिजली व्यवस्था में नीरज पाटीदार, शाकल्य वितरण के लिए संजय दुबे एवं नितिन पहाड़िया,अर्थव्यवस्था के लिए माधव पाटीदार और उनकी टीम को जिम्मेदारियां सौंपी गई है।
समाजसेवी अनिल पाटीदार मुख्य यजमान रहेंगे और गंगाजलि पर अर्जुन पाटीदार रहेंगे।
यज्ञ की पूर्णाहुति मकर संक्रांति 14 जनवरी को अपराह्न 4 बजे होगी और उनके पश्चात विशाल भंडारा भी होगा। सभी धर्मप्रेमी जनता के लिए यज्ञशाला की परिक्रमा 8 जनवरी शाम से ही प्रारंभ हो जाएगी जो 14 जनवरी तक चलेगी। यज्ञ में श्रीसूक्त से साढ़े सात लाख और पुरुषसूक्त से भी साढ़े सात लाख कुल आहुतियाँ समर्पित होंगी। यज्ञाचार्य पुष्कर पांडे के निर्देशन में यज्ञ की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। सम्पूर्ण अनुष्ठान में 51 कूंडों पर 125 यजमान युगल आहुतियाँ समर्पित करेंगे। यज्ञशाला के आसपास 5 बीघा क्षेत्र में वाहन पार्किंग की निशुल्क व्यवस्था की गई है।


