इंदौर(विनोद गोयल)- महात्मा ज्योति बा फुले माली समाज मप्र का निशुल्क युवक-युवती परिचय सम्मेलन, प्रतिभाओं का सम्मान एवं विश्व की पहली महिला शिक्षक माता सावित्रीबाई फुले की 195वीं जयंती पर लोहा मंडी स्थित माई मंगेशकर सभागृह में तपोनिष्ठ संत लादूनाथ महाराज के शिष्य महंत रामकिशन महाराजा के सानिध्य एवं उत्तरप्रदेश के पूर्व मंत्री एवं आईएएस अधिकारी तपेन्द्र प्रसाद शाक्य, विधायक महेंद्र हार्डिया, समाजसेवी रामचंद्र सैनी, सत्य शोधक समाज के प्रदेशाध्यक्ष सदाशिव यादव काका, समाजसेवी ओम सिलावट, भजन गायक बाबू राजोरिया, कैलाश पीपले, विवेन्द्र कुशवाह (दिल्ली) के विशेष आतिथ्य में सामाजिक उत्सव संपन्न हुआ। इस मौके पर समाज के 252 युवक-युवती प्रत्याशियों ने बेबाकी से अपना परिचय दिया और माता सावित्रीबाई फुले के आदर्शों पर चलकर समाज के लोगों को शिक्षित बनाने का संकल्प लिया।
सावित्रीबाई फुले के जीवनी पर बनी फिल्म देखी
प्रारंभ में आयोजन समिति के संरक्षक रामचंद्र सैनी, प्रदेशाध्यक्ष नितेश राजोरिया, जिलाध्यक्ष राधेश्याम बागड़ी, स्वागत संयोजक हुकुमचंद जादम, रमेशचंद्र आसिवाल, ललित भिटरवाल, महेश बुढ़ाना, सतीश जादम एवं शांतिलाल सैनी के साथ अतिथियों ने माँ सावित्रीबाई फुले के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर उत्सव का शुभारंभ किया। इसके पूर्व सभाग्रह में मौजूद सैकड़ों बधुओं ने ज्योतिबा फुले और सावित्रीबाई फुले के जीवन चरित्र पर आधारित फिल्म को भी संजीदगी से देखा। अतिथियों ने परिचय सम्मेलन की पुस्तिका का लोकार्पण भी किया जिसमें सभी प्रत्याशियों का सचित्र विवरण प्रकाशित किया गया है। अतिथियों का स्वागत मोहनलाल सैनी, रमेशचंद्र सैनी, महेश बुढ़ाना, बाबूलाल सैनी, सतीश सैनी, आशीष चौहान, सतीश गोला, शांतिलाल सैनी, सतीश जादम आदि ने किया।
मेधावी छात्र- छात्राओं का सम्मान
इस मौके पर सर्व माली एवं सैनी समाज के उन प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं का सम्मान भी किया गया, जिन्होंने विभिन्न कक्षाओं में 70 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त किए। इसी तरह समाज की प्रतिभावान शिक्षित महिलाओं, शिक्षिकाओं, अभिभाषक, चिकित्सक, पुलिसकर्मी एवं समाजसेवियों को भी सम्मानित किया गया। उत्सव के मध्य परिचय सम्मेलन में राजस्थान, गुजरात, छत्तीसगढ़, उत्तरप्रदेश, बिहार, झारखण्ड एवं मध्यप्रदेश सहित आठ राज्यों से आए 252 प्रत्याशियों तथा उनके पालकों ने मंच से परिचय देकर भावी जीवनसाथी से अपनी अपेक्षाएं भी बताई। इनमे 140 युवा एवं 112 युवतियां भी शामिल थीं। देर शाम तक इनमें से 20 रिश्तों पर दोनों पक्षों के बीच चर्चाओं का दौर शुरू होने की सूचना मिली। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के पूर्व मंत्री तपेन्द्र प्रसाद शाक्य, विधायक महेंद्र हार्डिया, समाजसेवी रामचंद्र सैनी, प्रदेश संयोजक हुकुमचंद सैनी जादम, जयपुर से आई कैट की वैज्ञानिक निकिता चौहान, ओम सिलावट, बाबू राजौरिया आदि ने अपने विचार व्यक्त किए और समाज में हर आयु वर्ग के लिए उच्च शिक्षा पर जोर देते हुए संगठन को राष्ट्रीय स्तर तक पहुँचाने का आह्वान किया। इस अवसर पर संयोजक जादम ने प्रतिवर्ष फुले जयंती पर परिचय सम्मेलन, मिलन समारोह एवं प्रतिभावान बच्चों के सम्मान का आयोजन करने का संकल्प भी व्यक्त किया। संचालन प्रदेश अध्यक्ष नितेश राजौरिया ने किया और आभार माना रामचंद्र सैनी ने।


