Eternal Hinduism

खाटू श्याम की भक्ति में डूबे श्रद्दालु, लगाई सुर और स्वर के साथ अर्जी

इंदौर(विनोद गोयल)- राजीव गांधी चौराहा स्थित शुभकारज गार्डन पर आयोजित 30वें अ.भा. श्याम महोत्सव में रविवार को दूसरे दिन का उत्सव भी श्याम बाबा के नाम रहा। कोलकाता से आए प्रख्यात भजन गायक राज पारीक, जयपुर से आए अभिषेक नामा, ग्वालियर से आए आशीष शर्मा और इंदौर के शिवम रावल ने दिल्ली के संगीत सम्राट नरेश पुनिया की टीम के साथ सुर और स्वर का ऐसा इन्द्रधनुषी रंग एवं जादू बिखेरा

देशभर से आए श्याम भक्त पूरे समय थिरकते, झूमते और सुर में सुर मिलाकर गाते रहे। संगीत कलाकारों ने भी आधी रात तक हजारों भक्तों को मंत्रमुग्ध बनाए रखा। श्याम भक्त श्रीमती पुष्पा मित्तल के सानिध्य में श्याम बाबा के नूतन श्रृंगार को भी हजारों भक्तों ने एकटक निहारा और पूरे श्रद्धा भाव के साथ श्याम बाबा की अखंड ज्योत एवं खाटू नरेश के सुसज्जित दरबार के दर्शन किए।

30वें वार्षिकोत्सव का हुआ समापन
  श्याम मित्र मंडल के 30वें वार्षिकोत्सव में इस बार भी दो दिवसीय अ.भा. श्याम संकीर्तन महोत्सव का आयोजन किया गया था। समापन दिवस की बेला में सर्वप्रथम श्याम भक्त श्रीमती पुष्पा मित्तल के सानिध्य में गोविंद अग्रवाल, मनीष अग्रवाल, पार्थ मित्तल, राजेश सिंघल, मुकेश सिंघल एवं अन्य स्नेहीजनों ने बाबा की अखंड ज्योत का पूजन कर इस सुहानी शाम का शुभारंभ किया। कोलकाता से आए राज पारीक ने ‘मेरे सरकार आए हैं….’, ‘हारे का सहारा….’, ‘कदम कदम पर बचा रहे हो….’ जैसे लोकप्रिय भजनों से समूचे पांडाल को थिरकाए रखा। इसी तरह जयपुर से आए अभिषेक नामा ने ‘बाबा तेरे भक्तों को तेरा ही सहारा है….’, ‘मत घबरा मन बावरे, है श्याम तेरा रखवाला….’, ‘दीनानाथ मेरी बात छानी कोनी तेरे से….’, तथा ग्वालियर से आए आशीष शर्मा और इंदौर के शिवम रावल ने भी आधी रात तक हजारों श्याम भक्तों को बांधे रखा। इस अवसर पर सांसद शंकर लालवानी, पूर्व विधायक आकाश विजयवर्गीय, विधायक महेन्द्र हार्डिया, विधायक गोलू शुक्ला, पार्षद मृदुल अग्रवाल, वरिष्ठ समाजसेवी टीकमचंद गर्ग, विष्णु बिंदल, अरविंद बागड़ी सहित बड़ी संख्या में अनेक विशिष्टजन उपस्थित थे। अंत में आभार माना गोविंद एवं मनीष अग्रवाल ने। श्याम बाबा की आरती के साथ समापन हुआ।

Shares:
Leave a Reply