इंदौर(विनोद गोयल)। ब्रह्मलीन समाजसेवी मिश्रीलाल गोयल की पुण्य स्मृति में 28 से 30 मार्च तक गांधी हॉल परिसर में होने वाले अ.भा. युवक-युवती परिचय सम्मेलन के लिए देश के हिंदी भाषी राज्यों से प्रत्याशियों की प्रविष्ठियां आने का सिलसिला शुरू हो गया है। अब तक करीब 300 प्रविष्ठियां मिल चुकी हैं, जिनमें अधिकांश इंजीनियर, डॉक्टर, सीए, एमसीए, एमबीए, सॉफ्टवेर इंजीनियर एवं स्वयं के कारोबार में स्थापित प्रत्याशी शामिल हैं।
देश के करीब 100 बड़े शहरों से आई है प्रविष्ठियां
अग्रवाल महासभा की मेजबानी में होने वाले इस परिचय सम्मलेन में पिछले 2 वर्षों से लगातार 2 हजार से अधिक प्रविष्ठियां मिल रही हैं। इस वर्ष भी देश के करीब 100 बड़े शहरों में प्रविष्ठी पत्र भेजे गए हैं, जो अब प्रत्याशियों और पालकों के उत्साह के कारण तेजी से जमा होने लगे हैं। महासभा के समन्वयक संतोष गोयल, अध्यक्ष डॉ. सतीश गोयल, उपाध्यक्ष मनीष जैन एवं महामंत्री अजय बंसल ने बताया कि अब तक जो 300 प्रविष्ठियां प्राप्त हुई हैं, उनमें अधिकांश प्रत्याशी उच्च शिक्षित, आकर्षक पैकेज पर एमएनसी में कार्यरत अथवा स्वयं के कारोबार में स्थापित हैं। उम्मीद है कि इस परिचय सम्मेलन के लिए भी 2 हजार से अधिक प्रविष्ठियां प्राप्त होंगी। सम्मेलन में आने वाले प्रत्याशियों के सचित्र परिचय बहुरंगी परिचय पुस्तिका में प्रकाशन की तैयारियां भी शुरू हो गई है।
आयोजन के लिए नियमित बैठक
आयोजन समिति की नियमित बैठकों का सिलसिला भी यशवंत निवास रोड स्थित महासभा के कार्यालय पर चल रहा है। मातृशक्ति संगठन की बैठक में श्रीमती उर्मिला गोयल, संतोष सिंघल एवं श्रीमती इंदु अग्रवाल सहित अनेक महिलाओं ने सम्मेलन की व्यवस्थाओं पर विचार मंथन किया। वहीं आयोजन से जुड़े कार्यक्रम संयोजक एलबी अग्रवाल, नवीन गोयल, श्याम गोयल, राजकुमार गोयल, श्याम अग्रवाल, विनोद अग्रवाल (जावरा), महेश चायवाले, रमेश तायल ने विभिन्न व्यवस्थाओं पर चर्चा कर तैयारियों को अंतिम रूप दिया। यह निर्णय भी लिया गया कि प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी बाहर से आने वाले पालकों एवं प्रत्याशियों के लिए रियायती दर पर स्वल्पाहार, भोजन एवं चाय आदि की सुविधाएँ उपलब्ध कराई जाएंगी।


