NEWS

विश्व ब्राह्मण समाज संघ की मेजबानी में बाबाश्री रिसोर्ट पर अनेक मेहमानों ने नवयुगलों को ढेरों उपहारों सहित किया बिदा

शंख और शहनाई की मंगल ध्वनि और मंत्रोच्चार के बीच 11 युगलों ने

आठवां फेरा लिया मूक परिंदों की सेवा और छायादार पौधे रोपने का

विश्व ब्राह्मण समाज संघ की मेजबानी में बाबाश्री रिसोर्ट पर अनेक मेहमानों ने नवयुगलों को ढेरों उपहारों सहित किया बिदा

इंदौर। विश्व ब्राह्मण समाज संघ की मेजबानी में छोटा बांगड़दा, एयरपोर्ट रोड स्थित बाबाश्री रिसोर्ट पर 11 युगलों ने शंख और शहनाई की मंगल ध्वनि के बीच परंपरागत 7 फेरे तो लिए ही, 8वां फेरा ग्रीष्मकाल में मूक परिंदों के लिए अपने घर-आंगन में दाना-पानी रखने और वर्षाकाल में फलदार और छायादार पौधे लगाने के संकल्प का भी लिया। म.प्र. ज्योतिष एवं विद्वत परिषद के अध्यक्ष आचार्य पं. रामचंद्र शर्मा वैदिक, खजराना गणेश मंदिर के पुजारी पं. अशोक भट्ट, रणजीत हनुमान मंदिर के पुजारी पं. दीपेश व्यास एवं हंसदास मठ के महामंडलेश्वर महंत पवनदास महाराज सहित अनेक विशिष्ट मेहमानों के सानिध्य में यह अनूठा विवाह पूरे उत्साह के साथ घरातियों और बरातियों संग नाचते-गाते हुए सम्पन्न हुआ। वरिष्ठ समाजसेवी ब्रह्मलीन रमेशचंद्र अग्रवाल की स्मृति में यह लगातार तीसरा दिव्य आयोजन हुआ, जिसमें नवयुगलों को अनेक उपहारों सहित शहर के अनेक विशिष्टजनों ने बिदा किया।

आयोजन समिति के प्रमुख एवं विश्व ब्राह्मण समाज संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष पं. योगेन्द्र महंत, स्वागताध्यक्ष जगदीश गोयल बाबाश्री, प्रमुख संयोजक राजेश गर्ग, संदीप गोयल ऑटो, शिव जिंदल, संयोजक राजकुमार बंसल एवं विनोद गोयल ने बताया कि दुबई से आए उद्योगपति चंद्रशेखर भाटिया मुख्य अतिथि थे जिन्होंने अपने उद्बोधन में कहा कि ऐसा सामूहिक विवाह पहली बार देखा, जहाँ बिलकुल घर जैसी शादी हुई है। इस अवसर पर समाजसेवी प्रिया-प्रदीप शर्मा, विष्णु बिंदल, बालकृष्ण छावछरिया (बल्लू भैया), प्रदेश कांग्रेस के उद्योग और व्यापार प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष अरविंद बागड़ी, भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ के संयोजक राहुल जैन, शिक्षाविद सुरजीतसिंह वालिया, राहुल गोयल बंटी, शहर कांग्रेस महामंत्री अभिषेक मित्तल, सोनू अग्रवाल विशेष अतिथि के रूप में मौजूद रहे। कार्यक्रम में मुख्यरूप से एसएन गोयल समाधान, अनंत महंत, मजहर हुसैन सेठजीवाला, सावित्री महंत, वर्षा शर्मा, अर्पणा जोशी, वर्षा बंसल, सविता जिंदल, दीपक राठौर, मनीष शारडा, धर्मेन्द्र आगीवाल, विजय गर्ग, विकास जिंदल, कमलेश मित्तल आदि ने विभिन्न व्यवस्थाएं संभाली। विश्व ब्राह्मण समाज संघ की महिला ईकाई की 50 मातृशक्तियों ने भी विवाह की रस्मों में सहयोग प्रदान किया। इसके पूर्व सुबह सभी 11 युगलों की बैंड-बाजों सहित घोड़ियों पर और दुल्हानियों की बग्घियों में शोभायात्रा बाबाश्री परिसर में ही निकाली गई ताकि यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो। सभी मेहमानों और विशिष्ट अतिथियों ने खुलेमन से विवाह के सभी इंतजामों की प्रशंसा की।

समारोह का शुभारंभ सुबह मंत्रोच्चार के बीच गणेश पूजन के साथ हुआ। 11 युगलों के लिए 11 विद्वान आचार्यों ने विधि विधान से विवाह की सभी रस्में सम्पन्न कराई। समारोह में शामिल सभी मेहमानों की पहली प्रतिक्रिया यही थी कि सामूहिक विवाह की सभी व्यवस्थाएं घर जैसी शादी की तरह की गई है जिसकी मिसाल पहले कभी नहीं देखने को मिली। सभी युगलों को मेहमानों ने गृहस्थी चलाने योग्य ढेरों उपहारों सहित बिदाई दी। समूचा उत्सव दिन की रोशनी में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम का संचालन अपर्णा जोशी और विनोद गोयल ने किया। अंत में आभार माना अनंत महंत ने ।

Shares: