NEWS

बच्चों को सकुशल पाकर परिजनों ने इंदौर पुलिस की त्वरित कार्यवाही की करी प्रशंसा और पूरी टीम को दिया हृदय से धन्यवाद

*इंदौर पुलिस की त्वरित, संवेदनशील एवं प्रभावी कार्यवाही…. मासूम 2 बच्चों के अपहरण की घटना का चंद घंटो में पर्दाफाश।*

*दोनों मासूम नाबालिक बालकों को सकुशल दस्तयाब कर परिजनों से मिलाया।*

*पुलिस ने चंद घंटो में अपहरण एवं फिरौती की वारदात का खुलासा कर 04 आरोपियों को धरदबोचा।*

*बच्चों को सकुशल पाकर परिजनों ने इंदौर पुलिस की त्वरित कार्यवाही की करी प्रशंसा और पूरी टीम को दिया हृदय से धन्यवाद।*

इंदौर पुलिस द्वारा एक बार फिर त्वरित, सतर्क एवं प्रभावी कार्यवाही का परिचय देते हुए, कल थाना पलासिया क्षेत्र से गुम हुए दो नाबालिग बालकों के अपहरण एवं फिरौती प्रकरण का चंद घंटो में खुलासा कर, चार आरोपियों को गिरफ्तार कर बच्चों को सुरक्षित दस्तयाब कर उनके परिजनों को सौंपा है।

कल रात में जैसे ही 11 वर्षीय दो नाबालिक बालकों के अपहरण की सूचना मिलीं, वैसे ही पुलिस आयुक्त नगरीय इंदौर श्री संतोष कुमार सिंह के निर्देशन पूरी पुलिस एक्टिव हो गई। स्वयं पुलिस आयुक्त श्री संतोष कुमार सिंह की मॉनिटरिंग में अतिरिक्त पुलिस आयुक्त श्री राजेश सिंह, पुलिस उपायुक्त (जोन-3) श्री राजेश व्यास एवं अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (जोन-3) श्री रामस्नेही मिश्रा के मार्गदर्शन में सहायक पुलिस आयुक्त संयोगितागंज श्री तुषार सिंह एवं थाना प्रभारी पलासिया श्री सुरेंद्र सिंह रघुवंशी के नेतृत्व में थाना पलासिया, संयोगितागंज, छोटी ग्वालटोली एवं तुकोगंज की संयुक्त टीम ने इस ऑपरेशन को अंजाम दिया।

*-घटना का विवरण-* दिनांक 23 अप्रैल 2026 को रात्रि लगभग 8:45 बजे थाना पलासिया को दो बच्चों के अचानक लापता होने की सूचना प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। जांच में पता चला कि गीता नगर निवासी 11 वर्षीय बालक एवं खटीक मोहल्ला निवासी 11 वर्षीय उसका दोस्त जो रोजाना की तरह तिरुपति गार्डन खेलने गए थे, घर वापस नहीं लौटे।

स्थानीय लोगों से पूछताछ एवं आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर एक संदिग्ध महिला दोनों बच्चों को अपने साथ ले जाते हुए दिखाई दी। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी महिला ने बच्चों को चिप्स, टॉफी एवं मोबाइल में पालतू जानवरों (डॉग एवं बिल्ली के बच्चे) की तस्वीरें दिखाकर उन्हें बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गई है

इसी दौरान फरियादी के मोबाइल पर कॉल कर आरोपियों द्वारा बच्चों को छोड़ने के एवज में ₹15 लाख की फिरौती मांगी गई तथा धमकी दी गई कि यदि रात 11 बजे तक राशि नहीं दी गई तो बच्चों की हत्या कर दी जाएगी।

 *पुलिस की त्वरित कार्यवाही-* घटना की गंभीरता को देखते हुए तत्काल थाना पलासिया में अपराध क्रमांक 123/2026 धारा 137(2), 140(1), 140(2), 140(3), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई।

पुलिस कमिश्नर इंदौर के निर्देशन में डीसीपी ज़ोन -03 द्वारा तत्काल 10 विशेष टीमें गठित कर अलग-अलग स्थानों जैसे होटल, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, बगीचे, मंदिर एवं संभावित ठिकानों पर रवाना किया गया साथ ही तकनीकी साक्ष्य एवं सीसीटीवी फुटेज का गहन विश्लेषण किया गया।

*आरोपियों तक पहुंचने की कार्यवाही-*  तकनीकी विश्लेषण एवं सतत पीछा करते हुए पुलिस टीम घटना स्थल से लगभग 15 किलो मीटर दूर दत्त नगर स्थित शिवांश अपार्टमेंट तक पहुंची। जहां तीसरी मंजिल पर एक संदिग्ध फ्लैट में कुछ असामान्य गतिविधि नजर आने पर टीम ने तत्काल कार्रवाई की।

दरवाजा खटखटाने पर अंदर मौजूद व्यक्तियों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने तत्परता से घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया गया । उस दौरान आरोपियो के भागने की कोशिश करने के दौरान कुछ चोट भी लगी पर कमरे के अंदर से दोनों अपहृत बच्चे सकुशल बरामद किए गए ।

*गिरफ्तार आरोपी-* पुलिस ने मौके से निम्न आरोपियों को गिरफ्तार कियाः1. राधिका प्रजापति (19 वर्ष), तिलक नगर एक्सटेंशन, इंदौर।2. तनिशा सेन (20 वर्ष), सुठालिया, राजगढ़।3. ललित सेन (21 वर्ष), वर्तमान निवासी दत्त नगर, इंदौर।4. विनीत प्रजापति (22 वर्ष), तिलक नगर एक्सटेंशन, इंदौर।आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त विभिन्न मोबाइल फोन भी जप्त किए गए हैं।

*बच्चों की सुरक्षित बरामदगी-*पुलिस टीम द्वारा दोनों बच्चों को आरोपियों के कब्जे से सकुशल मुक्त करवा कर, तत्काल एम.वाय. अस्पताल ले जाकर स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया। इसके पश्चात बच्चों को आवश्यक कार्यवाही कर उनके माता-पिता के सुपुर्द किया गया।

*पूछताछ एवं खुलासा-*प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने बच्चों को बहला-फुसलाकर अपहरण कर फिरौती मांगने की योजना बनाना स्वीकार किया है। सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनके विरुद्ध विवेचना के आधार पर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है तथा वारदात विस्तृत पूछताछ की जा रही है।

*पुलिस टीम की सराहनीय कार्यवाही-* ऑपरेशन में पुलिस टीम एसीपी संयोगितागंज श्री तुषार सिंह, थाना प्रभारी पलासिया निरीक्षक सुरेंद्र रघुवंशी के नेतृत्व उनि अभिरुचि कनौजिया, उनि जगदीश मालवीय,प्र.आर.3315 इमरत यादव, प्रआर. 1850 धनराज, प्रआर. 2200 सोनू मालवीय, प्रआर 2087 सुनील यादव, प्रआर 2667 विशाल पाटिल, आर 2371 जितेन्द्र सिंह, आर 1324 सिध्दार्थ सिंह, म.आर. 389 वंदना थाना पलासिया, बीट आर. 3073 पीयूष तिवारी, प्रआर, 944 कालीचरण-थाना संयोगितागंज, प्र. आर. 1749 देवेन्द्र सिंह जादौन-थाना तुकोगंज, प्र.आर.1500 लोकेश गाथे-थाना छोटी ग्वालटोली, आर.3418 कमलेश चौरे-थाना राजेंद्र नगर, आर.3527 नारायण रघुवंशी, आर. संदीप संयोगितागंज, आर राहुल जाट थाना तुकोगंज, आर 1391 पवन प्रजापति थाना छोटी ग्वालटोली, आर, विजय 1604 संयोगितागंज, की सराहनीय भूमिका रही है।

इंदौर पुलिस टीम की त्वरित प्रतिक्रिया, तकनीकी दक्षता, टीमवर्क एवं सतर्कता के कारण एक गंभीर अपराध को समय रहते विफल किया गया और दो मासूम बच्चों को आरोपियों के चुंगल से सकुशल ले आए ।

बच्चों को सकुशल पाकर परिजनों ने पुलिस कमिश्नर इंदौर सहित पूरी पुलिस टीम को धन्यवाद दिया गया और पुलिस की त्वरित कार्यवाही की प्रशंसा की। पुलिस कमिश्नर द्वारा भी परिजनों को उनके धैर्य व बच्चों के साहस की सराहना की ।

*आमजन से अपील -*इंदौर पुलिस आमजन से अपील करती है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, जिससे ऐसे अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके। साथ ही अपने बच्चों को भी जागरूक करें कि किसी भी अनजान व्यक्ति के किसी भी प्रकार के प्रलोभन व बहकावे में न आएं, और कोई भी संदिग्ध गतिविधि लगे तो अपने परिजनों और पुलिस को जरूर बताएं।

Shares: