आज दलाल बाग पर सुबह शांति धारा एवं सुधा का सागर पर केन्द्रित
प्रतियोगिता, दोपहर में शहर की तरुणाई उमड़ेगी शुभाशीष लेने
राष्ट्रसंत सुधासागर म.सा. दलाल बाग में चल रहे चातुर्मास की विशाल धर्मसभा में प्रेरक आशीर्वचन, उमड़ रहा देशभर से आए साधकों का सैलाब, कल होगी स्पर्धा
इंदौर, । सकल दिगम्बर जैन धर्म प्रभावना समिति एवं सकल जैन समाज के तत्वावधान में दलाल बाग के विशाल विद्या-सुधा सत्संग मंडप में चल रहे चातुर्मास के दिव्य अनुष्ठान में रविवार 9 अगस्त को सुबह 7.30 बजे से तीर्थ चक्रवर्ती, मुनि पुंगव राष्ट्रसंत प.पू. सुधासागर महाराज के सानिध्य में उनके मुखारविंद से महाशांति धारा का परम पुण्यदायी आयोजन होगा। राष्ट्रसंत के आशीर्वचन के पश्चात सुबह 9 बजे से सुधा का सागर पुस्तक पर आधारित दिलचस्प स्पर्धा होगी तथा दोपहर में 3 बजे से शहर की तरुणाई दलाल बाग पहुंचकर राष्ट्रसंत के विशेष प्रवचनों, आशीर्वचन एवं मार्गदर्शन का लाभ उठाएगी।
आयोजन समिति के नवीन गोधा, मनीष गोधा एवं अशोक डोसी ने बताया कि दलाल बाग के विशाल मंडप में सुबह 7.30 बजे से महाशांति धारा एवं अभिषेक का अनुपम पुण्यदायी प्रसंग होने जा रहा है। सभी श्रद्धालुओं से आग्रह किया गया है कि वे अपने घर से धोती एवं दुपट्टा साथ लेकर आएं। प.पू. राष्ट्रसंत सुधासागर म.सा. स्वयं अपने मुखारविंद से महाशांति धारा का दिव्य अनुष्ठान सम्पादित कराएंगे। इंदौर चातुर्मास के दौरान यह प्रथम अवसर होगा। आयोजन से जुड़े हर्ष जैन एवं आकाश जैन कोयल ने बताया कि इसी तरह रविवार को दोपहर में 3 बजे से शहर के सभी जैन युवाओं को दलाल बाग आमंत्रित किया गया है जहाँ मुनि सेवा संघ, समस्त मुनि सेवा समितियां, सोशल ग्रुप, युवा संगठन, युवा जैन व्यायामशाला एवं सभी जैन युवा संगठनों की सभी टीमों को प.पू. राष्ट्रसंत सुधासागर म.सा. के पावन सानिध्य में विशेष प्रवचन, आशीर्वचन एवं मार्गदर्शन का लाभ प्राप्त होगा। युवाओं को धर्म, संस्कार, सेवा, संगठन एवं राष्ट्र निर्माण की प्रेरणा से जोड़ने का यह एक दुर्लभ अवसर होगा जिसमें शहर की समस्त तरुणाई को राष्ट्रसंत की ओर से शुभाशीष भी प्राप्त होंगे।
‘सुधा का सागर’ पर आधारित परीक्षा आज – सामाजिक संसद के अध्यक्ष आनंद गोधा ने बताया कि शांतिधारा के पश्चात रविवार को सुबह 9 बजे से दलाल बाग में ‘सुधा का सागर’ पुस्तक पर आधारित रोचक प्रश्नोत्तरी स्पर्धा का आयोजन वरणीश्री गंभीर सागर म.सा. के निर्देशन में होगा, जिसमें 5 से 16 वर्ष तक की आयु के बच्चे और 70 से 80 वर्ष तक आयु के प्रतिभागी अलग-अलग श्रेणी में भाग ले सकेंगे। चातुर्मास समिति के प्रमुख नवीन गोधा, हर्ष जैन, आकाश कोयला ने बताया कि स्पर्धा को लेकर समाज बंधुओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। विजेताओं को आकर्षक पुरस्कार भी प्रदान किए जाएँगे। चातुर्मास के दौरान दलाल बाग पर प्रतिदिन सुबह 8 से 9.30 बजे तक धर्मसभा में राष्ट्रसंत सहित सभी संत विद्वानों के प्रवचनों की अमृत वर्षा होगी। चातुर्मास के दौरान विभिन्न अनुष्ठान भी होंगे।
—


