चातुर्मास हम सबके लिए अपने पुण्यों का उदय करने का स्वर्णिम अवसर –प.पू. सुधासागर म.सा.
राष्ट्र संत का सुमति धाम पर सर्व दिगम्बर जैन समाज की धर्मसभा में प्रेरक आशीर्वचन – कल भव्य मंगल प्रवेश
इंदौर। साधु सबका होता है। साधु किसी को नहीं चाहता पर साधु को सब चाहते हैं। साधु धर्म और मरण के कामों में बिना बुलाए ही जाना चाहिए, इसमें कभी कोई विकल्प मन में नहीं लाना चाहिए। इंदौर का चातुर्मास हम सबके लिए ऐसा स्वर्णिम अवसर है जब हम अपने पुण्यों का उदय करेंगे। साधु का आगमन पूरे शहर के लिए एक सौगात के रूप में होता है। चातुर्मास जैसा अवसर हम सबके लिए अपने कल्याण का मार्ग प्रशस्त करने का दुर्लभ मौका है।
ये प्रेरक आशीर्वचन हैं राष्ट्र संत मुनि पुंगव प.पू. श्री सुधासागर महाराज के, जो उन्होंने सकल दिगम्बर जैन धर्म प्रभावना समिति के तत्वावधान में सम्पूर्ण जैन समाज की एयरपोर्ट रोड स्थित सुमति धाम, गोधा इस्टेट पर आयोजित धर्मसभा को संबोधित करते हुए व्यक्त किए। सभा में सर्वसमाज के प्रतिनिधियों ने अपनी मौजूदगी दर्ज कराई। समिति के प्रमुख मनीष-सपना गोधा, नवीन-आनंद गोधा, अशोक-रानी डोसी, आकाश जैन कोयला और हर्ष जैन ने प्रारम्भ में प.पू. मुनिश्री की अगवानी करते हुए पाद प्रक्षालन किए।
इस अवसर पर अपने आशीर्वचन में प.पू. मुनिश्री ने कहा कि जो किसी का नहीं होता वही सबका होता है। प्रकृति सबके लिए होती है, किसी व्यक्ति विशेष के लिए नहीं। साधु का इंदौर शहर में आगमन आपके भंडार को भरने के लिए हुआ है। चातुर्मास साधु को नहीं, आप सबको कराना है।
कल भव्य मंगल प्रवेश, तैयारियां शुरू – इस अवसर पर सकल जैन समाज की ओर से नवीन गोधा ने कहा कि यह हम सबके लिए सौभाग्य का विषय है कि सकल दिगम्बर जैन समाज को समाज की भक्ति का फल हमें मिलने जा रहा है। रविवार 26 जुलाई को बड़ा गणपति से प.पू. मुनिश्री का ससंघ भव्य मंगल प्रवेश होगा। प.पू, राष्ट्र संत 18 पिच्छिकाओं सहित मंगल प्रवेश करेंगे। हमें इस प्रसंग और चातुर्मास को ऐतिहासिक बनाना है। इस अवसर पर सपना-मनीष गोधा, रानी-अशोक जोशी, नवीन-आनंद गोधा, आकाश जैन कोयला एवं हर्ष जैन ने बताया कि गुरुदेव का मंगल प्रवेश 26 जुलाई को सुबह 7.30 बजे बड़ा गणपति चौराहा से प्रारम्भ होगा जो मल्हारगंज, खजुरी बाजार, राजवाडा, जवाहर मार्ग, राजमोहल्ला से पुनः बड़ा गणपति होते हुए दलालबाग पहुंचेगा। इस जुलूस की जबरदस्त तैयारियां चल रही हैं। मार्ग में जगह-जगह सैकड़ों मंचों से जुलूस का स्वागत होगा। शोभा यात्रा में सम्पूर्ण दिगम्बर जैन समाज एवं शहर के श्रेष्ठीजन भी शामिल होंगे।


