NEWS

द्वारकापुरी शीतलनाथ जैन श्वेताम्बर मंदिर ट्रस्ट के चातुर्मास में साध्वी प्रियम एवं श्रियमरसाश्री का हुआ मंगल प्रवेश

द्वारकापुरी शीतलनाथ जैन श्वेताम्बर मंदिर ट्रस्ट के चातुर्मास
में साध्वी प्रियम एवं श्रियमरसाश्री का हुआ मंगल प्रवेश

फूटी कोठी स्थित पुखराज पैलेस से निकला बैंड बाजों सहित सामैया, बड़ी संख्या में शामिल हुए समाज बंधु

इंदौर। द्वारकापुरी स्थित शीतलनाथ जैन श्वेताम्बर मंदिर में चातुर्मास के लिए प.पू. साध्वी प्रियमरसाश्री म.सा. एवं श्रियमरसाश्री म.सा. का मंगल प्रवेश शुक्रवार सुबह पुखराज पैलेस, फूटी कोठी से बैंड बाजों सहित सामैया के साथ हुआ। पुखराज पैलेस से सामैया जुलूस प्रारम्भ होकर सुदामा नगर स्थित सेठी गेट से द्वारकापुरी मंदिर होते हुए पुनः पुखराज पैलेस पहुंचा। मार्ग में अनेक स्थानों पर समाज बंधुओं ने परम्परागत तरीके से साध्वी द्वय की अगवानी की। मार्ग में साध्वी द्वय के जय-जयकार के उद्घोष होते रहे। पुखराज पैलेस पर 2 हजार से अधिक समाज बंधुओं की मौजूदगी में आयोजित धर्म सभा में साध्वी द्वय ने चातुर्मास की महत्ता बताई और कहा कि यह ऐसा पावन प्रसंग है जब हम धर्म और संस्कृति के पर्यावरण तथा संतों की निश्रा में रहकर स्वयं के विकारों को श्रेष्ठ विचारों में बदल सकते हैं।
जुलूस में ट्रस्ट के अध्यक्ष संजय नाहर, उपाध्यक्ष सुशील कुकड़ा, सचिव चेतन भंडारी, ट्रस्ट मंडल के अजय जैन, रितेश शेखावत, दिनेश ढींग, प्रभात चोपड़ा, सतीश जैन, अमृत मूणत सहित अनेक पदाधिकारी पैदल चल रहे थे। इस बार चातुर्मास स्थल को अयोध्या नगरी नाम दिया गया है। प.पू. साध्वी द्वय के मंगल प्रवेश एवं चातुर्मास के दौरान विभिन्न तैयारियों को लेकर ट्रस्ट मंडल द्वारा विभिन्न समितियों का गठन कर संयोजकों का मनोनयन किया गया था, जुलूस में वे सभी बंधु शामिल हुए। अध्यक्ष संजय नाहर ने बताया कि चातुर्मास में 28 जुलाई से प्रतिदिन प्रातः 8.45 से 9.45 तक प्रवचन होंगे। इसके अलावा चातुर्मास के दौरान नवकार महामंत्र की आराधना, सिद्धि तप आराधना सहित जिन शासन की उपासना के अनेक दिव्य अनुष्ठान भी होंगे। इन सभी कार्यक्रमों के लिए फूटी कोठी स्थित पुखराज पैलेस पर भव्य सभा मंडप बनाया गया है। वाटरप्रूफ पंडाल में चातुर्मास के सभी आयोजन यहाँ सम्पन्न होंगे। प.पू. साध्वी द्वय ने अब तक महाराष्ट्र, तेलंगाना एवं आंध्रप्रदेश सहित अनेक बड़े शहरों में ऐतिहासिक चातुर्मास पूर्ण किए हैं। उनके प्रवचनों में समाज बन्धुओं, विशेषकर युवा एवं महिलाओं को प्रेरक आशीर्वचन के साथ ही आत्मरक्षा, सदाचार, परिवार में समन्वय जैसे अनेक ज्वलंत मुद्दों पर मार्गदर्शन किया जाता रहा है।
विभिन्न समितियां गठित – चातुर्मास की तैयारियों के लिए अमृत मूणत, सतीश जैन, प्रभात चोपड़ा, रितेश सेखावत, दिनेश धींग, अजय जैन, युवा मंडल अध्यक्ष विनोद कोठारी, नितिन बावेल, विशाल पितलिया, यशवंत जैन, शुभम खाब्या, विकास पगारिया, पलकित डांगी एवं खुशाल कोठारी को विभिन्न समितियों का दायित्व सौंपा गया है। महिला मंडल अध्यक्ष श्रीमती समता तरनेचा, श्रीमती चन्दन बेन जैन एवं श्रीमती सुनीता जैन को भी चातुर्मास के कार्यक्रमों में शहर के महिला मंडलों को आमंत्रित करने और मंगल प्रवेश सामैया को व्यवस्थित बनाने का जिम्मा सौंपा गया है। संपूर्ण चातुर्मास के लिए मार्गदर्शन कमिटी का गठन का भी किया गया है जिसमें कमलेश कोठारी, डॉ. अनिल बाफना, राजेंद्र जैन, विनोद बावेल, कैलाश नाहर, मानव पटवा, मनोज रांका, भरत पारख, आशीष पारख, हंसमुख पोरवाल, गौरव संचेती, आशीष जैन केटरर्स, आशीष धारीवाल, शैलेन्द्र नाहर, कपिल चंडालिया एवं अक्षय कांकरिया शामिल किए गए हैं।

Shares: