NEWSPolitics

नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी 17 जनवरी को इंदौर आयेंगे,भागीरथपुरा के प्रभावितों से करेंगे मुलाकात

कांग्रेस नेता राहुल गांधी 17 जनवरी को इंदौर आएंगे और दूषित पानी से प्रभावित परिवारों से मिलेंगे। इसी दिन कांग्रेस मध्य प्रदेश के हर ब्लॉक में सामूहिक उपवास रखेगी और गांधी प्रतिमाओं के सामने धरना देकर भजन गाएगी।

कांग्रेस के संगठन प्रभारी संजय कामले ने बताया कि राहुल गांधी के इंदौर आगमन की तारीख एआईसीसी (ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी) की तरफ से तय हो गई है। विस्तृत कार्यक्रम बनाने पर अभी चर्चा चल रही है।

वे भागीरथपुरा में दूषित जल के सेवन के कारण मृत हुए लोगों के परिजनों से भेंट करेंगे। राहुल गांधी के नेतृत्व में यहां केंद्र सरकार द्वारा मनरेगा का नाम बदलने पर विरोध प्रदर्शन भी किया जाएगा। एआईसीसी द्वारा उनके दौरे की तारीख तय करने के बाद पार्टी के प्रादेशिक नेता कार्यक्रम की विस्तार से रूपरेखा बनाने में जुट गए हैं। राहुल गांधी के इंदौर आगमन के मौके पर कांग्रेस प्रदेशभर में बड़े आंदोलन की तैयारी करने में लगी है।

भागीरथपुरा में दूषित पेयजल के सेवन से अब तक 23 लोग दम तोड़ चुके हैं। जानलेवा पानी के इस मुद्दे पर कांग्रेस मुखर है। मामले में मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के विवादित बयान पर तो पार्टी कार्यकर्ताओं ने प्रदेशभर में उग्र प्रदर्शन किए।

इंदौर त्रासदी को लेकर कांग्रेस ने विरोध स्वरूप 11 जनवरी को इंदौर में ही न्याय यात्रा निकाली थी। इस प्रदर्शन में कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष जीतू पटवारी, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, राज्यसभा सांसद व पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह, पूर्व मंत्री सज्जनसिंह वर्मा सहित कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए थे।

Shares:
Leave a Reply