Healthsocial organization

बच्ची को बच्चे बचाएंगे अभियान 3 फरवरी को,सेवा समिति शैक्षणिक संस्थानों से अनिका के लिए जुटाएगी मदद

इंदौर। दुर्लभ बीमारी स्पाइनल मासकूलर एट्रोफी टाइप-2 से पीडि़त अनिका शर्मा की मदद के लिए 3 फरवरी को इंदौर के स्कूलों, कॉलेजों एवं कोचिंग संस्थानों में एक दिवसीय विशेष सहयोग अभियान बच्ची को बच्चे बचाएंगे चलाया जाएगा। इस अभियान का मूल उद्देश्य यह है कि समाज के सबसे संवेदनशील वर्ग-बच्चे स्वयं आगे आकर एक बच्ची के जीवन की रक्षा का संकल्प लें।

यह जानकारी एक कदम मदद की ओर सेवा समिति के अध्यक्ष ऋषभ बागोर, नीरज संकट एवं दीपक बागोरा ने  पत्रकार वार्ता में दी।
उन्होंने बताया कि अनिका जीवन की रक्षा के लिए शहर में एक व्यापक मानवीय जन-सहयोग अभियान चलाया जा रहा है। उपचार के लिए इंदौरवासियों के सहयोग से अब तक लगभग 4.5 करोड़ की राशि एकत्र की जा चुकी है।

शेष राशि समय रहते जुटाना अत्यंत आवश्यक है। इस अभियान से सीबीएसई स्कूलों का संगठन सहोदया के मोहित यादव एवं स्टूडेंट फॉर सेवा इस अभियान से जुड़कर यह संदेश सीधे इंदौर के साढ़े चार लाख विद्यार्थियों तक पहुँचाने का कार्य कर रहा है। अभियान के अंतर्गत सभी क्षैक्षणिक संस्थानों से आग्रह किया है कि 3 फरवरी को अपने परिसरों में डोनेशन बॉक्स स्थापित करें तथा विद्यार्थियों को इस मानवीय पहल से जोड़ें।

सभी संस्थान विद्यार्थियों को संदेश दें कि वे 3 फरवरी को अपनी स्वेच्छा से मात्र 100 रु. की सहयोग राशि डोनेशन बॉक्स में डालें।
अभियान की पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए डोनेशन बॉक्स 4 एवं 5 फरवरी को प्रशासनिक निगरानी में खोले जाएंगे। इसमें एकत्र राशि सीधे अनिका के उपचार में उपयोग की जाएगी। शैक्षणिक संस्थानों को अनिका के उपचार से संबंधित सभी दस्तावेज, पोस्टर एवं अभियान की संपूर्ण जानकारी उपलब्ध कराई गई है।

Shares:
Leave a Reply