युगपुरुष स्वामी परमानंद गिरि के सानिध्य में 30वां ध्यान साधना शिविर खंडवा रोड आश्रम पर
आज शाम सड़क मार्ग से इंदौर आएंगे-11 से 15 अगस्त तक सुबह-शाम होंगे प्रवचन
इंदौर। श्रीराम जन्मभूमि न्यास अयोध्या के वरिष्ठ न्यासी, महामंडलेश्वर युगपुरुष स्वामी परमानंद गिरि महाराज के सानिध्य में ध्यान-साधना शिविर का 30वां दिव्य आयोजन इस बार गुरु पूर्णिमा के उपलक्ष्य में खंडवा रोड स्थित अखंड परमधाम आश्रम के सत्संग सभागृह में 10 से 16 अगस्त तक मनाया जाएगा।
अखंड परमधाम सेवा समिति के अध्यक्ष किशनलाल पाहवा, श्यामलाल मक्कड़, विजय शादीजा एवं रामबाबू अग्रवाल ने बताया कि युगपुरुष स्वामी परमानन्द महाराज रविवार 9 अगस्त की शाम को सड़क मार्ग से ब्यावरा से इंदौर आएंगे। खंडवा रोड स्थित आश्रम पर उनके सानिध्य में ध्यान-साधना शिविर का शुभारंभ सोमवार 10 अगस्त को शाम 5 बजे होगा। 11 से 15 अगस्त तक प्रतिदिन सुबह 7 से 8 बजे तक योगासन और 8 से 9 बजे तक ध्यान एवं प्रवचन की अमृत वर्षा होगी। शाम 5 से 7 बजे तक भी प्रवचनों की अमृत वर्षा का क्रम चलेगा। सभी कार्यक्रम खंडवा रोड आश्रम के सभागृह में होंगे। शिविर की तैयारियों को आश्रम की संयोजक साध्वी चैतन्य सिन्धु के मार्गदर्शन में अंतिम रूप दे दिया गया है। स्वामी परमानंद गिरि के साथ हरिद्वार के महामंडलेश्वर स्वामी ज्योतिर्मयानंद गिरि एवं अन्य संत तथा शिष्य भी आएंगे।


