Culture and societyEvents

दशहरा मैदान के ‘अवध लोक’ में श्रीराम जन्मोत्सव महायज्ञ का शुभारंभ, गूंजा पूरा परिसर भक्तिमय माहौल से

इंदौर(विनोद गोयल)। दशहरा मैदान स्थित ‘अवध लोक’ में हिन्दू नववर्ष के अवसर पर नौ दिवसीय श्रीराम जन्मोत्सव महोत्सव का भव्य शुभारंभ गुरुवार सुबह हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत श्रीराम जन्मोत्सव महायज्ञ, गुड़ी पूजन और वृंदावन के प्रसिद्ध प्रेम मंदिर की प्रतिकृति में राम दरबार एवं राधा-कृष्ण की आकर्षक झांकियों की स्थापना के साथ हुई।

इस अवसर पर दत्त माउली संस्थान के सदगुरू अण्णा महाराज, सांसद शंकर लालवानी, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. निशांत खरे सहित संघ और विभिन्न सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी उपस्थित रहे। आचार्य पंडित अगस्त्य व्यास के वैदिक मंत्रोच्चार के बीच सभी अनुष्ठानों की विधिवत शुरुआत हुई।

सुबह से ही ‘अवध लोक’ वैदिक मंत्रों, श्लोकों, चौपाइयों और आरतियों की गूंज से भक्तिमय बना रहा। यज्ञशाला में राष्ट्र की सुख-शांति और समृद्धि के लिए आहुतियां समर्पित की गईं। नौ दिनों तक चलने वाले लक्ष्मीनारायण यज्ञ में कुल 16,108 आहुतियां दी जाएंगी।

मेले का भी भव्य आगाज हुआ, जहां पहले ही दिन भारी भीड़ उमड़ पड़ी। करीब 100 स्टॉल लगाए गए हैं, जिनमें धार्मिक साहित्य, पूजन सामग्री, घरेलू वस्तुएं और सात्विक उत्पाद उपलब्ध हैं। साथ ही एक अलग फूड जोन में चाट-चौपाटी, आइसक्रीम, कुल्फी और विभिन्न राज्यों के व्यंजनों का आनंद भी लिया जा रहा है। बच्चों के लिए झूले और मनोरंजन की विशेष व्यवस्था की गई है।

इस बार महोत्सव में पूर्वोत्तर भारत के हस्तशिल्प भी विशेष आकर्षण का केंद्र बने हैं, जिनमें कालीन, चादर, पायदान और अन्य पारंपरिक वस्तुएं शामिल हैं। शाम होते ही हजारों श्रद्धालुओं ने परिवार सहित मेले का आनंद लिया, जबकि रात में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शुरुआत हुई।

महोत्सव के तहत प्रतिदिन सुबह योग, गौपूजन, महायज्ञ और शाम को रामधुन, आरती व सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आयोजित की जाएंगी। 20 मार्च से 27 मार्च तक मलखंब, शास्त्रीय संगीत, देशभक्ति कार्यक्रम, नृत्य-नाटिका और रामायण आधारित प्रस्तुतियां होंगी, जिनमें विभिन्न आयु वर्ग के प्रतिभागी भाग लेंगे। ‘अवध लोक’ में शुरू हुआ यह महोत्सव न केवल आस्था का केंद्र बना है, बल्कि संस्कृति, परंपरा और मनोरंजन का भी अनूठा संगम प्रस्तुत कर रहा है।

Shares:
Leave a Reply